
कतरास/धनबाद: मंगलवार को मदर्स प्राइड पब्लिक स्कूल धनबाद में प्रजापति ब्रह्म कुमारी संस्था द्वारा नशा मुक्त भारत कार्यक्रम का आयोजन हुआ। प्रजापति ब्रह्म कुमारी के सदस्य गण एवं विद्यालय के प्राचार्य माननीय सुनील कुमार साहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का आरंभ किया। मुख्य सचेतक माननीय बी के बंसीलाल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारत को नशा मुक्ति की आवश्यकता है, चाहे वह कोई मादक पदार्थ हो या कोई अन्य लत-यथा मोबाइल का प्रयोग। आज के बच्चों में ऐसा देखा जा रहा है कि उनका झुकाव लगातार मोबाइल की ओर है जिससे उनके अंदर सकारात्मक विचारों से अधिक नकारात्मक विचार पनप रहे हैं। अतः आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें इस नशा से मुक्त कैसे किया जाए। सबों को मालूम है कि आज के यही बच्चे देश के भविष्य हैं, जिन्हें आगे चलकर सुंदर एवं विकसित भारत का निर्माण करना है। विद्यालय के बच्चों ने यह प्रतिज्ञा ली कि वह कभी भी नशा की ओर नहीं झुकेंगे चाहे वह मोबाइल या अन्य किसी प्रकार का नशा ही क्यों न हो।

धन्यवाद ज्ञापन करते हुए विद्यालय के प्राचार्य माननीय सुनील कुमार साहा ने कहा कि इस प्रकार की अनेक संस्थाएं अनेक प्रकार का कार्यक्रम आयोजित नशा मुक्त भारत अभियान में शामिल हैं।उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आप अपने अंदर सकारात्मक विचारों को अपनाएं और अपने जीवन को सफल बनाएं। यदि आप अपने सुखद और विकसित भविष्य का निर्माण करना चाहते हैं तो आप प्रयास करें कि जिस कार्य में आप लगे हुए हैं वह आप सुचारू रूप से समय से पूरा करते रहें। सफलता का मूल मंत्र यही है कि आप समय का पालन करें, शरीर को नीरोग रखें और और अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे पूरा करने की चेष्टा करें। कार्यक्रम के आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
