
कतरास: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के गोविंदपुर क्षेत्र संख्या-3 अंतर्गत स्थित न्यू आकाशकिनारी कोलियरी के ‘सेलेक्टर’ क्षेत्र में बीते दिनों हुए भयानक भू-धंसान की घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल है। हाल ही में हुए अचानक भू-धंसान में लगभग 5 मकान पूरी तरह से ज़मींदोज़ हो गए थे, जबकि कई अन्य घर इसकी चपेट में आकर जर्जर हो चुके हैं। इस घटना में प्रभावित परिवारों को लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है और लोग पिछले कई दिनों से खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं।

अब इस घटना के बाद BCCL प्रबंधन ने इस क्षेत्र को खाली करने का नोटिस दे दिया है। प्रबंधन ने एक आधिकारिक नोटिस जारी करते हुए लिखा है कि “न्यू आकाशकिनारी कोलियरी अंतर्गत सेलेक्टर के आसपास रह रहे सभी व्यक्तियों/परिवारों को सूचित किया जाता है कि उक्त भूमि भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के अधीन है। यह क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील एवं भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र है, जहाँ कभी भी भू-धंसान अथवा अन्य अप्रिय घटना घटित हो सकती है।”
प्रबंधन ने निवासियों से यथाशीघ्र स्थान खाली करने की अपील करते हुए विस्थापन एवं पुनर्वास से संबंधित कागजात जमा करने का निर्देश दिया है, ताकि नियमानुसार मुआवजा एवं पुनर्वास सुविधा दी जा सके। इस सूचना की प्रतियाँ महाप्रबंधक (गोविंदपुर क्षेत्र), अंचल अधिकारी (बाघमारा), कतरास थाना प्रभारी और CISF को भी आवश्यक सहयोग हेतु भेजी गई हैं।
बेलगड़िया जाने से प्रभावित कर रहे हैं आनाकानी, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं की मांग
जानकारी के अनुसार एक तरफ जहाँ प्रबंधन क्षेत्र को तुरंत खाली कराना चाहता है, वहीं दूसरी ओर प्रभावित ग्रामीण पुनर्वास स्थल को लेकर गहरे संकट और असमंजस में हैं।
BCCL प्रबंधन द्वारा प्रभावितों को बेलगड़िया में बसाने का सुझाव/प्रस्ताव दिया जा रहा है, लेकिन स्थानीय ग्रामीण बेलगड़िया जाने से आनाकानी कर रहे हैं। प्रभावितों का कहना है कि बेलगड़िया में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है और वहाँ जीवन-यापन करना बेहद कठिन है। प्रभावितों का कहना है कि हमें ऐसे स्थान पर बसाया जाए जहां बिजली पानी के साथ-साथ रोजगार भी मिल सके।
