
धनबाद/रांची: JPSC–JSSC परीक्षा में पेपर लीक एवं परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), झारखंड द्वारा मंगलवार को विधानसभा घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में झारखंड के सभी 24 जिलों से विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता शामिल होने के लिए रांची पहुंचे। विधानसभा घेराव प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा ABVP के राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश मंत्री सहित कई कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को गिरफ्तार किया गया।
कतरास के छात्र नेता शुभम हजारी भी गिरफ्तार
विधानसभा घेराव के दौरान कतरास के छात्र नेता एवं ABVP प्रादेशिक विश्वविद्यालय सह-संयोजक शुभम हजारी को भी रांची पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। शुभम हजारी विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहे हैं और ABVP के कार्यक्रम में विद्यार्थियों के प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुए थे।
ABVP कार्यकर्ताओं का कहना है कि JPSC–JSSC परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। संगठन ने परीक्षा संबंधी अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के हितों और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संगठन अपनी आवाज मजबूती से उठाता रहेगा। जब तक परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं विद्यार्थियों को न्याय सुनिश्चित नहीं किया जाता, तब तक ABVP का आंदोलन जारी रहेगा।
