
कतरास/धनबाद : कतरास थाना क्षेत्र के राहुल चौक दुर्गा कॉलोनी के समीप हीरक रोड पर सोमवार देर रात लगभग 10 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। कोलकाता से घूमने आए टूरिस्टों से भरी एक मिनी बस को एक तेज रफ्तार हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक 5 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए स्थानीय नर्सिंग होम ले जाया गया है। जबकि दर्जन भर टूरिस्ट बाल-बाल बच गए।
होटल से खाना खाकर निकले और हो गई मौत से सामना
घटना शनिवार रात करीब 10:00 बजे की है। टूरिस्ट वाहन (WB 19Q 8444) के चालक सौरभ पाल ने बताया कि वे कोलकाता से एक ही परिवार के दर्जनों टूरिस्टों को लेकर टूर पर निकले थे। चिटाही स्थित प्रसिद्ध राम राज मंदिर के दर्शन करने के बाद वे राहुल चौक दुर्गा कॉलोनी स्थित कोल एंड कॉकटेल होटल में खाना खाने रुके। उन्होंने बताया कि खाना खाकर जब वे होटल से निकलकर हीरक रोड पर मुड़े, तभी मौत से उनका सामना हो गया। श्यामडीह की ओर से आ रहे एक हाईवा (JH 10 BB 2950) ने उनके वाहन के बाईं ओर जोरदार टक्कर मार दी। टूरिस्टों ने बताया कि हाईवा वाहन बहुत तीव्र गति में था।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टूरिस्ट वाहन का बाईं हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त वाहन में सवार टूरिस्ट डर के मारे चीखने-चिल्लाने लगे। एक 5 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत इलाज के लिए स्थानीय नर्सिंग होम ले जाया गया। अन्य सभी टूरिस्ट सुरक्षित हैं हालांकि अन्य कई लोगों को भी आंशिक चोटें आईं हैं।
हाईवा चालक फरार, पुलिस की जांच जारी:
हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया। कतरास पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला है। कतरास पुलिस ने सभी को यातायात नियमों का पालन करने और तेज गति से वाहन चलाने से बचने का सलाह दिया है। पुलिस ने कहा कि रात के समय वाहन चालकों को अधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है।
