
कतरास: कतरास बाजार स्थित राजेंद्र बालिका उच्च विद्यालय में शनिवार को शिक्षक दिवस सह प्रतिभा सम्मान समारोह की धूम रही।
डा सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण के बाद रंगारंग कार्यक्रम में छात्राओं ने एक से बढ़कर एक गीत, नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मिथिला का झिझिया लोकनृत्य,पापा मैं छोटी से बड़ी हो गई विदाई नृत्य नाटिका, बांग्ला लोकनृत्य, दहेज एक लानत आदि प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरी।
शिक्षक शिक्षिकाओं को भी सम्मानित कर उपहार दिया गया। मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
इससे पहले बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, बीसीसीएल के अधिकारी उमंग ठक्कर, पार्षद मधुमाला, प्रिंसिपल सुमन मिश्रा आदि ने दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।तकरीबन साठ छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल उपलब्ध कराई गई। अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर तथा पौधे देकर स्वागत किया गया। विधायक श्री महतो ने आश्वस्त किया अगले साल शिक्षक दिवस के पहले डिजिटल लाइब्रेरी बन जाएगी।
प्रिंसिपल सुमन मिश्रा ने सभी का अभिनंदन किया। इस अवसर पर युगल खंडेलवाल, विष्णु चौरसिया, सरोज विश्वकर्मा, अमित सिन्हा, पिंटू दे समेत अन्य उपस्थित थे।
सभी शिक्षक, शिक्षिका एवं शिक्षकेतर कर्मियों की आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
