
कतरास : कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद काजू बगान इलाके में शनिवार को एक बार फिर भीषण भू-धंसान की घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जमीन फटने से बने विशाल गोफ (दरार) में पास स्थित तालाब का सारा पानी तेजी से समाने लगा। बार-बार हो रही इस तरह की घटनाओं से आसपास की घनी आबादी में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि महज कुछ दिन पहले ही इसी क्षेत्र में एक बड़ा गोफ बना था, जिसे बीसीसीएल (BCCL) प्रबंधन द्वारा मिट्टी-मलबे से भरा गया था। इसके बावजूद ठीक उसी जगह के समीप दोबारा नया गोफ बन जाना बीसीसीएल के भराई कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों के अनुसार, नए गोफ में तालाब का पानी लगातार गिर रहा है, जिससे अंदरूनी जमीन के और ज्यादा धंसने और बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा है।
गौरतलब है कि छाताबाद क्षेत्र पिछले कुछ महीनों से लगातार भू-धंसान की त्रासदी झेल रहा है। इससे पूर्व 7 जुलाई और 7 अगस्त को भी क्षेत्र के दूसरे छोर पर जमीन धंसने से लगभग दो दर्जन मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिसके कारण सैकड़ों परिवारों को बेघर होकर पलायन करने पर मजबूर होना पड़ा था।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन से तत्काल मौके का जायजा लेने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि पूरे छाताबाद क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कराकर स्थायी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो कभी भी कोई बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता है।
