कतरास : धनबाद जिले के कतरास (रामकनाली ओपी क्षेत्र) स्थित केशलपुर कुम्हारपट्टी में रविवार सुबह करीब 7 बजे कोयला चुनने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार अवैध सुरंग से कोयला काटने के दौरान अचानक चाल (मिट्टी और चट्टान का बड़ा हिस्सा) धंसने से एक महिला समेत 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाल लिया गया है। मलबे के नीचे अभी भी कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
अवैध सुरंग में कोयला काटने व कोयला चुनने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, केशलपुर कुम्हारपट्टी में स्थित अवैध सुरंगों में रोजाना की तरह कुछ महिलाएं और पुरुष जान जोखिम में डालकर कोयला काटने व चुनने गए थे। निकाले गए कोयले को बाइक के माध्यम से बाजार में बेचा जाता था। रविवार सुबह काम के दौरान अचानक खदान का ऊपरी हिस्सा(मिट्टी) भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर कई लोग दब गए।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए कुदाल और गैंता की मदद से राहत कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर दो शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान केवटकुली निवासी मुनिया देवी और बेलोंजाबाद निवासी के रूप में हुई है। वहीं कई लोगों को घायल अवस्था में निकाला गया और स्थानीय नर्सिंग होम ले जाया गया है।
हालांकि अब तक इस घटना की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस के जांच के बाद ही बाकी तथ्य सामने आ सकेगा।
