
कतरास: कतरास के रामकनाली ओपी क्षेत्र स्थित केशलपुर कुम्हारपट्टी में रविवार सुबह करीब 7 बजे अवैध सुरंग में कोयला खनन और चुनने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अचानक खदान का ऊपरी हिस्सा (चाल) धंसने से मिट्टी व चट्टानों के मलबे में कई लोग दब गए। हादसे में मुनिया देवी (निवासी केवटकुली) और बेलोंजाबाद निवासी एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों ने चलाया राहत कार्य, घायलों को भेजा अस्पताल
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कुदाल व गैंता की मदद से मलबा हटाकर दो शवों को बाहर निकाला। हादसे में घायल 3 लोगों को मलबे से निकालकर स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। मलबे के नीचे अभी भी कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
अवैध खनन रोकने के लिए सीआईएसएफ का विशेष अभियान
घटना को लेकर सीआईएसएफ बीसीसीएल धनबाद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर राहत व बचाव कार्य जारी होने की बात कही है। सीआईएसएफ के अनुसार, क्षेत्र में अवैध खनन रोकने के लिए लगातार छापेमारी, एरिया डोमिनेशन और नाइट पेट्रोलिंग की जा रही है। हाल ही में कांटापहाड़ी क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध कोयला जब्त और नष्ट किया गया था। 12 सितंबर से बीसीसीएल द्वारा अवैध मुहानों को बंद करने के लिए 46 हॉलपैक लोड ओवरबर्डन (ओबी) डाला जा चुका है।
डीजीएमएस ने घोषित किया था असुरक्षित, पुलिस को भेजी गई थी पत्र
सीआईएसएफ के वरिष्ठ कमांडेंट ने 9 सितंबर को ही रामकनाली थाना प्रभारी को पत्र लिखकर आगाह किया था कि यह क्षेत्र डीजीएमएस द्वारा खनन के लिए असुरक्षित घोषित है और यहाँ कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। पुलिस को संदिग्धों के वीडियो फुटेज सौंपकर प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध भी किया गया था। उल्लेखनीय है कि ठीक एक साल पहले भी रामकनाली में लैंडस्लाइडिंग से 5 लोगों की मौत हुई थी, जिसकी जांच रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं हो सकी है।

अवैध उत्खनन के कारण पूरब, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण चारों ओर से कतरास सुरक्षित हो गया है- विजय कुमार झा
वही मामले को लेकर बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा ने कहा कि रामकनाली के कुम्हारपट्टी की यह घटना पूरे कतरास के लिए चेतावनी की सूचना है। एक सप्ताह पहले सिजुआ में भू-धंसान की घटना, छाता बाद में लगातार हो रहे भू धंसान की घटना तथा लकड़का में भी भू धंसान की घटना घटी है। भारी मात्रा में अवैध उत्खनन के कारण पूरब, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण चारों ओर से कतरास सुरक्षित हो गया है। आज की घटना को लेकर उन्होंने प्रशासन को अलार्म की तरह लेने का सलाह दिया है।
