
कतरास: बीसीसीएल गोविंदपुर एरिया 3 कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद में लगातार तीसरा बार भू धंसान ने एक बार फिर पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया। लगभग 3:30 बजे छाताबाद फुटबॉल ग्राउंड के समीप स्थित सामुदायिक भवन के आसपास जमीन में कई जगह बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई। कई घर भी इसके चपेट में आ गए। बता दे की भू धंसान से प्रभावित लोगों के लिए एवं अन्य लोगों के लिए यह सामुदायिक भवन आश्रय का एक बड़ा विकल्प था। कुछ दिन पहले हुए भू धंसान में दर्जनों प्रभावित लोगों ने इसी सामुदायिक भवन में आश्रय लिया था तथा बीसीसीएल की ओर से प्रभावित लोगों के लिए इसी सामुदायिक भवन में भोजन भी पहुंचाया जाता था। अब सुरक्षा का यह आशियाना भी उजड़ता हुआ दिख रहा है। यहां के लोग अब दूसरी जगह पलायन करने को विवश हो चुके हैं। अपने खून पसीने की कमाई करके पाई पाई जमा कर अपना घर बनाने वाले अपनी आंखों के सामने घरों को टूटते हुए देख रहे हैं। प्रभावित महिलाएं कोयला तस्करो को इसका जिम्मेवार बताते हुए नजर आए।

भू धंसान की घटना में मोहम्मद शमीम, मो कमरुद्दीन, मो आजम, बबलू अंसारी सहित लगभग डेढ़ दर्जन घर चपेट में आ गए हैं। इस घटना में एक महिला को चोट लगने की बात भी सामने आ रही है। घटना के बाद कई लोग अपने घरों के सामान निकालने में जुटे रहे। किसी को अपने बच्चों की चिंता थी तो कोई घर में रखे कीमती सामान को बाहर निकलने में लगा था। मजबूरी ऐसी थी की जान जोखी में डालकर भी अपने सामान को बचाने की कोशिश करनी पड़ी। घटना के वक्त ना तो विशेष रेस्क्यू टीम पहुंची थी ना ही जिला प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद थी ना ही कोई नेता और मंत्री या उसके समर्थक कोई मदद कर रहे थे। स्थानीय पार्षद मोहम्मद शहाबुद्दीन ने आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार तीसरी बार भू धंसान की बड़ी घटना घटी है इसके बावजूद भी बीसीसीएल प्रबंधन मौन है। जबकि बीसीसीएल प्रबंधन ने सभी को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की बात कही थी। बता दें कि अपने आशियाने को टूटा देख अपनी जिंदगी और सामान को बचाने के लिए लोग खुद एक दूसरे के साथ जद्दोजहद करते दिखे। खबर लिखे जाने तक कोई राहत कार्य शुरू नहीं हुआ था।
