
कतरास/सिजुआ: इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICMAI) की ओर से बुधवार को ओडिशा के भुवनेश्वर में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट (सीएमए) की फाइनल परीक्षा में सफल 121 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। संस्थान के चेयरमैन विनय रंजन, अध्यक्ष चित्तरंजन चट्टोपाध्याय एवं उपाध्यक्ष मनोज कुमार आनंद ने सफल विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
भेलाटांड़ की बेटी स्नेहा झा भी हुईं सम्मानित
सीएमए फाइनल परीक्षा में सफलता हासिल करने वालों और सम्मान पाने वालो में भेलाटांड़ की बेटी स्नेहा झा भी शामिल हैं। दीक्षांत समारोह के दौरान स्नेहा को भी प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंच पर उनके पिता अमर नाथ झा एवं माता वंदना कुमारी झा भी मौजूद थीं। बेटी की उपलब्धि पर दोनों काफी खुश नजर आए।
स्नेहा ने 12 दिवसीय उन्नत कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम भी सफलतापूर्वक पूरा किया है।
बताया गया कि स्नेहा के पिता टाटा कर्मी हैं, जबकि उनकी मां डीएवी अलकुसा में शिक्षिका हैं। स्नेहा ने टाटा डीएवी स्कूल सिजुआ से 12वीं तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद कतरास कॉलेज, कतरासगढ़ से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। स्नातक की पढ़ाई के साथ ही उन्होंने कोलकाता में सीएमए की तैयारी की। जून 2026 में जारी सीएमए परीक्षा परिणाम में उन्होंने सफलता हासिल की थी। उनकी इस उपलब्धि से परिवार एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
