
कतरास : विश्वकर्मा (लोहार) समिति, कतरास अंचल (बाघमारा प्रखंड) के तत्वावधान में भगवान विश्वकर्मा पूजन समारोह धूमधाम एवं श्रद्धापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजन और भव्य हवन-यज्ञ के साथ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजनोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा संगीतमय कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। बंटी पांडे के नेतृत्व में आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों से समां बांध दिया। वहीं, समिति की ओर से विशाल सार्वजनिक खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें क्षेत्र के लगभग दो हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

समारोह में जुटे कई गणमान्य लोग
समारोह में मुख्य रूप से माननीय विधायक श्री शत्रुघ्न महतो जी उपस्थित हुए और भगवान विश्वकर्मा का दर्शन-पूजन किया। उनके अलावा वार्ड संख्या 1 की पार्षद डॉ मधुमाला, स्थानीय चिकित्सक सह समाजसेवी डॉ. स्वतंत्र कुमार, वार्ड संख्या 3 के पार्षद पति विनायक गुप्ता, विश्व हिंदू परिषद के अशोक चौरसिया, कांग्रेस नेता राजेश राम, गंगा गौशाला कतरास के महासचिव महेश अग्रवाल, युवा समाजसेवी पिंटू दे, शशि विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की। कार्यक्रम के अंत में समिति के पदाधिकारियों ने समारोह को सफल बनाने के लिए उपस्थित सभी अतिथियों, कलाकारों, आगंतुक महानुभावों और स्थानीय लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
