
कतरास : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ धनबाद महानगर के प्रचार विभाग के प्रमुख राजा खंडेलवाल ने कहा स्वयंसेवक के लिए शाखा ही संघ का आधार है। उनके बिना कुछ नहीं है। संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर झारखंड सहित पूरे देश के सभी मोहल्लों और गांवो एवम खण्ड में शाखा लगाने की तैयारी चल रही है । पूरे देश में 27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक की तिथि तय की गई है। इस दौरान सभी स्वयंसेवकों को एक सप्ताह तक नियमित रूप से शाखा लगानी है। संघ शताब्दी वर्ष में धनबाद महानगर के द्वारा 13 नगर के अंतर्गत कुल 55 वार्ड में 106 बस्ती के सभी मुहल्ला में 500 शाखा लगाने की योजना तैयार है जिसमें स्थानीय स्तर पर 27 सितम्बर से 4 अक्टूबर 2026 तक सभी बस्ती/मुहल्ला में शाखा लगायी जायेगी । इसके लिए लगभग 2000 कार्यकर्ताओ को इस काम में लगाया गया है। संघ का उदेश्य है कि शाखा के खेल गीत और व्ययाम के माध्यम से युवा, बच्चे और बुजुर्गो को देश और राष्ट्र के प्रेम और जिम्मेदारी का बोध हो। पिछले वर्ष विजयदशमी के दिन से प्रारंभ संघ शताब्दी समारोह अब अपने अंतिम चरण में है। इस समारोह के तहत अब तक वर्ष भर में सभी स्थानों पर पूर्ण गणवेश में विजयदशमी उत्सव, पथ संचलन, सामाजिक सद्भाव सम्मेलन, प्रबुद्ध जन गोष्टी, हिंदू सम्मेलन एवं युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया । अब अंतिम चरण में पूरे झारखंड सहित पूरे देश में अधिक से अधिक स्थानों पर शाखा लगाना है ।इसके लिए सभी स्थानों पर तैयारी पूरी हो गई है। इस अभियान के माध्यम से समाज के लोगों को भी जोड़ने का प्रयास किया जाएगा ।
