
कतरास: धनबाद के कतरास क्षेत्र में लगातार हो रहे भू-धंसान, अवैध खनन और पुलिस की कार्यशैली को लेकर बियाडा के पूर्व अध्यक्ष सह वरिष्ठ समाजसेवी विजय झा ने स्थानीय प्रशासन पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं और जनप्रतिनिधियों के साथ हो रहे व्यवहार को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है।
विजय झा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि क्षेत्र में हाल के दिनों में हुए 20 भू-धंसान की घटनाओं में से 14 केवल कतरास और उसके आसपास के इलाकों में हुए हैं। महज 15 दिन पहले कतरास थाना क्षेत्र के लकड़का में हुए भू-धंसान में एक भैंस गोफ में समा गई थी। कतरास में सबसे ज्यादा भू-धंसान होना इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि सबसे अधिक अवैध माइनिंग इसी क्षेत्र में हुआ है और हो रहा है। रामकनाली ओपी क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व मलबा गिरने से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की असमय मौत हो गई। रानी बाजार के 10 नंबर सीम में भी हाल ही में अवैध खनन बंद कराया गया है। हाल ही में सिलेक्टेड गोविंदपुर और छाताबाद में लगातार कई बार भू धंसान हो चुका है और दर्जनों घर जमींदोज हो चुके हैं जिसके कारण सैकड़ो लोग यहां से पलायन कर चुके हैं। यह स्थितियां दर्शाती हैं कि क्षेत्र में अवैध कोयला खनन का खतरा कितना गंभीर रूप ले चुका है।

वार्ड संख्या 5 की पार्षद निरुपमा देवी के साहस की सराहना करते हुए विजय झा ने कहा कि वह उनके जज्बे को सलाम करते हैं, जिन्होंने अवैध खनन स्थल पर जाकर इसका जोरदार विरोध किया। जहां कोयला तस्करों ने उसके साथ गाली गलौज और मारपीट की। हालांकि, उन्होंने कतरास पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि जब एक चुनी हुई महिला पार्षद अवैध खनन और मारपीट की शिकायत दर्ज कराने थाने जाती है, तो उस पर रंगदारी मांगने का उल्टा आरोप कैसे लगा दिया जाता है? कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि न्याय का पहला चौखट थाना होता है, लेकिन वहीं फरियादी महिला को जलील किया जा रहा है। यदि थाना प्रभारी का यह मानना है कि महज कुछ महीने पहले पार्षद बनीं निरुपमा देवी रंगदारी मांगने गई थीं, तो पुलिस को यह भी उजागर करना चाहिए कि उनके पार्षद बनने से पहले अवैध खनन के लिए किसको किसको पैसा दिया जा रहा था और कोयला तस्करी की रकम कहां-कहां पहुंचती है।
मेगा प्रोजेक्ट के कारण विस्थापन के मुहाने पर खड़े लोगों के हक में आवाज बुलंद करते हुए विजय झा ने कहा कि इस परियोजना से लाखों लोग बेघर हो जाएंगे, लोगों की जमीनें छिन जाएंगी और रोजगार पूरी तरह ठप हो जाएगा। इन जनहित के मुद्दों, पुलिस की तानाशाही और अवैध खनन के खिलाफ कतरास थाना चौक स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष रविवार को एक दिवसीय सत्याग्रह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के न्यायप्रिय और प्रभावित लोगों से एकजुट होने की अपील की गई है।
