
कतरास : बाघमारा पुलिस अनुमंडल के सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत एरिया 3 के कोइरीडीह कोलियरी 3 नंबर सीम बंद खदान में चल रहे अवैध माइंस के खिलाफ गुरुवार को सीआईएसएफ ने बुलडोजर कार्रवाई की। बुधवार को दैनिक समाचार पत्र में इस क्षेत्र में सीआईएसएफ की नाक के नीचे बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन और कोयला कारोबार होने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित और वायरल हुई थी। खबर सामने आने के बाद सीआईएसएफ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अगले ही दिन बड़ी कार्रवाई की।

गुरुवार को दर्जनों की संख्या में पहुंचे सीआईएसएफ जवानों ने कार्रवाई करते हुए 2 जेसीबी एवं 1 हाईवा की मदद से बंद खदान के समीप चल रहे सभी अवैध मुहानों को पूरी तरह से बंद करवा दिया। इस दौरान अवैध कोयला भी जब्त किया गया जिसे आगे की प्रक्रिया के लिए विभाग को सौंप दिया गया है।
इस अचानक हुई सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के कोयला तस्करों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय स्तर पर अब यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि क्या सुरक्षा एजेंसियों की यह सख्ती आगे भी निरंतर जारी रहेगी या यह कार्रवाई सिर्फ औपचारिकता बनकर रह जाएगी।
