
कतरास: बीसीसीएल एरिया तीन अंतर्गत ब्लॉक का कोलियरी में संचालित विष्णु शिव इंफ्रास्ट्रक्चर आउटसोर्सिंग कंपनी विवादों में घिरती दिख रही है। कंपनी पर खान सुरक्षा महानिदेशालय धनबाद, कोल कंट्रोलर आफ इंडिया (सीसीओ) पर्यावरण, वन जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, राजस्व विभाग झारखंड सरकार तथा खनन विभाग झारखंड सरकार के नियमों एवं शर्तों का स्पष्ट रूप से उल्लंघन करने का आरोप लगा है।
कई विभागों को भेजी गई है शिकायत की कॉपी
आरटीआई कार्यकर्ता छेदी कुमार ने कहा कि आउटसोर्सिंग कंपनी के द्वारा जबरन रैयतों की जमीन काटी जा रही है। कोयला उत्पादन में भी ढेर सारी अनियमिताएं बरती जा रही है। नियमों को ताक पर रखा जा रहा है। जिसकी शिकायत कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग नई दिल्ली के सचिव से किया हूं। उन्होंने बताया कि शिकायत की कॉपी सचिव कोयला मंत्रालय नई दिल्ली, महानिदेशक, खान सुरक्षा महानिदेशालय धनबाद, सचिव कॉल कंट्रोलर आफ इंडिया, सचिव वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय झारखंड सरकार, सचिव प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड झारखंड सरकार, सचिव राजस्व विभाग झारखंड सरकार, खान सचिव खनन विभाग झारखंड सरकार, धनबाद उपायुक्त, जिला खनन पदाधिकारी धनबाद एवं बाघमारा सीओ को भी भेजा है।
शिकायत पर जांच के लिए आउटसोर्सिंग कंपनी पहुंचे बाघमारा अंचल अधिकारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शिकायत के आलोक में बाघमारा अंचलाधिकारी गिरजानंद किस्कू मौके पर पहुंचे एवं शिकायत का जांच पड़ताल किया। इसके बाद उन्होंने विष्णु शिवा इंफ्रास्ट्रक्चर आउटसोर्सिंग कंपनी के प्रबंधक को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए रैयतों के जमीन संबंधित मामलों का शीघ्र ही निष्पादन करने का आदेश दिया है। हालांकि इस संबंध में स्पष्ट जानकारी लेने के लिए अंचल अधिकारी बाघमारा श्री गिरजानंद किस्कू को फोन लगाया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
