

कार्यक्रम में पहुंचे पार्षद, विधायक व सैकड़ो शिक्षक, आरईओ की प्रशंसा में बांधे तारीफों के पुल
कतरास: सोमवार को बाघमारा एवं निरसा के संयुक्त क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी (आरईओ) अशोक कुमार पाल के सेवानिवृति के अवसर पर राजेन्द्र कन्या मध्य विद्यालय कतरास में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। उपस्थित लोगों ने उन्हें ढेरों उपहार भेंट किए। उनकी धर्मपत्नी माला जी सहित परिवार के अन्य सदस्य भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद डॉ मधुमाला, स्थानीय विधायक शत्रुघ्न महतो सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहें।

संबोधन के दौरान भावुक हो गए चंदन मोदक
कार्यक्रम का विधिवत उदघाटन के पश्चात शिक्षकों ने पूर्व बीईओ व आरईओ रहे श्री अशोक पाल के साथ अपने कार्य के अनुभव को साझा किया।अशोक पाल जी के साथ कार्य के दौरान बिताए गए कुछ पलों को याद करते करते अचानक से शिक्षक चंदन मोदक भावुक हो गए और माइक दूसरे को थमा दिए। वहीं कई शिक्षकों ने अपने लिखे गीतों के माध्यम से अशोक पाल की प्रशंसा की। कुछ ने हास्य व्यंग्य करके अशोक पाल एवं पारिवारिक सदस्यों को मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया।

अशोक पाल एक उत्कृष्ट शिक्षा पदाधिकारी रहे, इनकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती है – डॉ मधुमाला
कार्यक्रम में मौजूद वार्ड संख्या एक के नवनिर्वाचित पार्षद डॉ मधुमाला ने कहा कि अशोक पाल एक उत्कृष्ट शिक्षा पदाधिकारी रहे। इनकी तुलना किसी से भी नहीं की जा सकती है।समय समय पर उन्होंने शिक्षक के रूप में भी अपना योगदान दिया। उन्होंने अशोक पाल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जीवन पर्यंत शिक्षा के क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देते रहेंगे ऐसा हमें पूर्ण विश्वास है।

सरकारी स्कूलों की ओर बच्चों तथा अभिभावकों का रुझान बढ़ सके, इसके लिए सरकार लगातार प्रयासरत है – शत्रुघ्न महतो
मौके पर उपस्थित बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महत्व ने कहा कि अशोक कुमार पाल जी ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है जिसके लिए बाघमारा शिक्षा जगत उन्हें हमेशा याद करेगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार शिक्षा के स्तर को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। सरकार कई तरह की योजनाएं चला रही है ताकि प्राइवेट स्कूलों के बजाय सरकारी स्कूलों की ओर बच्चों तथा अभिभावकों का रुझान बढ़ सके। उन्होंने अशोक पाल को भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दी।

अशोक पाल के सेवानिवृति से बाघमारा शिक्षा जगत में एक महत्वपूर्ण स्थान रिक्त हो गया है- राकेश कुमार मुरली
राजेंद्र कन्या मध्य विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य राकेश कुमार मुरली ने कहा कि क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी जो की पूर्व में बाघमारा के बीईओ भी रहे हैं, उनके सेवानिवृत्ति से बाघमारा शिक्षा जगत में एक महत्वपूर्ण स्थान रिक्त हो गया है जिसे भरना आसान नहीं है। इन्होंने सदेव सहयोग की भावना से कार्य किया तथा हमेशा हम सबको अपना मार्गदर्शन दिया।


मुझसे हमेशा मिलना चाहते हैं तो मेरे नाम का एक पौधा लगाए – अशोक कुमार पाल
अशोक कुमार पाल ने कहा कि बिछड़ने का दुःख हो रहा है लेकिन शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के सहयोग से कुछ अच्छा किया हूं इस बात की खुशी भी है। उन्होंने अपने चाहने वालों को कहा कि यदि मेरी सेवानिवृत्ति के बाद भी आप हर रोज मुझसे मिलना चाहते हैं तो धरती के किसी भी कोने में मेरे नाम से एक पौधा लगाइए, उसका रख रखाव कीजिए। हरे भरे वृक्षों से ही जीवन है। उन्होंने कहा कि अब आगे पारिवारिक जीवन व्यतीत करूंगा साथ ही प्रत्यक्ष या प्रत्यक्ष रूप से हमेशा शिक्षा से जुड़ा रहूंगा। कार्यक्रम का संचालन मदन मोहन महतो इव ब्रज किशोर चौबे ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बाघमारा के सैकड़ो शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
