
कतरास: कतरास कॉलेज कतरास में आंतरिक परीक्षा के दौरान इतिहास विभाग के शिक्षक धनंजय पाठक के साथ असामाजिक तत्वों ने मारपीट की। इतना ही नही उन्होंने शिक्षक को धमकाते हुए कहा कि यदि उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की तो वे लोग शिक्षक को जान से मार देंगे। हालांकि निडरता का परिचय देते हुए शिक्षक धनंजय पाठक ने घटना की जानकारी कतरास थाना को दे दी है।
पुलिस को दिए गए आवेदन में शिक्षक धनंजय पाठक ने बताया कि 9 मई 2026 दिन शनिवार को आंतरिक परीक्षा के दौरान वे विद्यार्थियों से असाइनमेंट एवं परीक्षा संबंधित दस्तावेज ले रहे थे। इसी दौरान मोहम्मद शाहबाज, तारीक अनवर एवं साहिल खान सहित अन्य 20 लोग झुंड बनाकर आये और उनके साथ अभद्रता करने लगे। देखते ही देखते वे लोग उन्हें घेर लिए तथा गाली गलौज करने लगे एवं धक्का मुक्की भी करने लगे। असामाजिक तत्वों के इस हरकत से परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों में भय और अफरा तफरी का माहौल बन गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान अभियुक्तो ने खुलेआम उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि यदि उन्होंने इसकी शिकायत कॉलेज प्रशासन या पुलिस से की तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
बता दे कि इस घटना से शिक्षक एवं उसका परिवार भयभीत और मानसिक तनाव में है। उन्होंने आशंका जताया कि उक्त असामाजिक तत्व भविष्य में भी
कोई अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने कहा की यदि भविष्य में कभी उनके साथ कोई अप्रिय घटना, हमला या जान माल की क्षति होती है तो इसका जिम्मेदार उक्त तीनों अभियुक्त होंगे। उन्होंने कतरास पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

विद्यार्थी परिषद ने एनएसयूआई पर लगाया आरोप, तत्काल कार्रवाई नही होने पर आंदोलन की चेतावनी दी
वहीं मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रादेशिक विश्वविद्यालय सहसंयोजक शुभम हजारी ने कहा कि सभी अभियुक्त एनएसयूआई संगठन से ताल्लुकात रखते हैं और कॉलेज को अपने इशारे पर चलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती है तो विद्यार्थी परिषद छात्र हित एवं शिक्षकों के सम्मान में चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
वही इस संबंध में कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि शिकायत मिला है। मामले की जांच पड़ताल होने के बाद ही आवश्यक कार्रवाई किया जाएगा।
