
कतरास/धनबाद : छात्र अधिकारों एवं बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था की मांग को लेकर आज ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के नेतृत्व में मेमको मोड़, धनबाद से बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय तक एक विशाल पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। पूरे रास्ते में छात्रों ने शिक्षा बचाओ, छात्र अधिकार लागू करो जैसे नारों से माहौल को आंदोलन जैसा बना दिया। पदयात्रा के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर शैक्षणिक समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से लॉ कॉलेज धनबाद सहित कई विभागों में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
छात्रों ने एलएलएम (LLM) की पढ़ाई जल्द शुरू करने, लॉ कॉलेज में स्थायी एवं योग्य शिक्षकों की नियुक्ति करने तथा शिक्षक उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में कॉलेज को कांस्टीट्यूएंट कॉलेज का दर्जा देने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा छात्र संघ चुनाव शीघ्र कराने और विश्वविद्यालय में लागू क्लस्टर सिस्टम को समाप्त करने की भी मांग की गई।

पदयात्रा के बाद छात्र प्रतिनिधिमंडल और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच वार्ता हुई, जिसमें प्रशासन की ओर से सकारात्मक आश्वासन दिया गया। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि आगामी दो महीनों के भीतर नए शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाएगी और नए शैक्षणिक सत्र से एलएलएम पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए चरणबद्ध पहल करने की बात कही। इस दौरान AISA नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक एवं निर्णायक रूप दिया जाएगा।
पदयात्रा में AISA झारखंड राज्य अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप, राज्य उपाध्यक्ष स्नेहा महतो, राज्य सह सचिव रितेश मिश्रा, बीबीएमकेयू प्रभारी दीपक महतो, छात्र नेता अतफ ईमाम, वारिस खान, राहुल पासवान, निगार खान, पल्लवी आचार्य, शशि, अंजलि, अभिषेक, अभिजीत, आर्यन, करण, आलोक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
