
आधा दर्जन अवैध दुकानों पर चला निगम का बुलडोजर
कतरास: मंगलवार को धनबाद नगर निगम अंतर्गत वार्ड संख्या एक के कतरास हटिया में पहली बार बुलडोजर बाबा (जेसीबी) ने एंट्री ली। बुलडोजर बाबा की एंट्री से कतरास हटिया में अवैध कब्जाधारियों के बीच हड़कंप मच गया। तकरीबन 6 दुकानों पर बुलडोजर चला कर नगर निगम ने अवैध कब्जाधारियों को यह संदेश दे दिया कि अतिक्रमण चाहे जिसने भी किया हो आने वाले दिनों में सब पर निगम का बुलडोजर चलना तय है। बताया जाता है कि फुटपाथ के बजाय कुछ लोगों ने कथित तौर पर किसी एस पाण्डेय नामक व्यक्ति को मोटी रकम देकर उसके संरक्षण में अपना अपना दुकान बना लिया था। इस निर्माण की जानकारी मिलने पर नगर निगम ने मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई की।
युवक ने नगर निगम के कर्मियों से की हाथापाई
अतिक्रमण हटाने के दौरान एक सब्जी विक्रेता के पुत्र ने नगर निगम की इस कार्रवाई का विरोध करते हुए निगम के कर्मियों से हाथापाई कर डाली। राजस्व अधिकारी सचिन कुमार ने कहा कि इसकी लिखित शिकायत पुलिस से करूंगा।

दबंग फिल्म के चुलबुल पांडेय की भूमिका में नजर आए राजस्व अधिकारी सचिन कुमार
यह पूरी कार्रवाई राजस्व अधिकारी सचिन कुमार के नेतृत्व में की गई। कतरास हटिया में अवैध कब्जा हटाने के दौरान रेवेन्यू इंस्पेक्टर सचिन कुमार दबंग फिल्म के चुलबुल पांडेय की भूमिका में नजर आए। उन्होंने एक के बाद एक कुल 6 अस्थायी दुकानों को ध्वस्त करा कर उसे कब्जा मुक्त कराया तथा चेतावनी दिया कि भविष्य में फिर कभी अवैध कब्जा की कोशिश की गई तो न केवल उसे कब्जा मुक्त कराया जाएगा बल्कि कब्जाधारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि कतरास हटिया की जमीन नगर निगम के देख रेख और जिम्मे में है। अवैध कब्जा से सरकार को लाखों का राजस्व नुकसान हो रहा है।

कतरास हटिया में अवैध रूप से दुकान निर्माण करने की मिली थी शिकायत- अनिल कुमार
इंफोर्समेंट टीम के अधिकारी ने बताया कि लंबे समय से कतरास हटिया में एक दुकान का अवैध रूप से निर्माण कराया जा रहा था। सूचना मिलने पर नगर निगम के अधिकारियों ने कब्जाधारी को निर्माण कार्य रोकने का आदेश दिया था। उसके बावजूद भी कब्जाधारी ने रातों-रात निर्माण कर अस्थाई दुकान बना लिया। इसके बाद निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई की। वहीं उन्होंने बताया कि अतिक्रमण और अवैध कब्जा के खिलाफ आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई से कब्जाधारियों में नाराजगी तो आम लोगों में देखी गई खुशी
अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम के बुलडोजर एक्शन से जहां अवैध कब्जाधारियों में खलबली मची है और गहरी नाराजगी देखी जा रही है। वहीं आम लोग इस कार्रवाई से खुश नजर आए। कुछ लोगों का कहना था कि गरीब के दुकान पर बुलडोजर चलाया गया है जबकि पक्का निर्माण करने वालों पर निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की।
पक्का निर्माण पर भी चलेगा बुलडोजर?
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अवैध रूप से पक्का निर्माण करने वालों के खिलाफ भी जल्द ही बुलडोजर चलने वाला है। बहरहाल जो भी हो लेकिन पहली बार निगम ने अपनी ताकत का अहसास कराते हुए कतरास हटिया में बुलडोजर एक्शन लेकर अवैध कब्जाधारियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। अंदरखाने से आई खबर के अनुसार जल्द ही कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए अवैध रूप से पक्का निर्माण कर मकान, दुकान और स्कूल आदि बनाने वालों के खिलाफ भी बुलडोजर एक्शन लिया जा सकता है।
इस कार्रवाई के दौरान नगर निगम कतरास अंचल के राजस्व अधिकारी सचिन कुमार, बड़ा बाबू राकेश कुमार, इंफोर्समेंट टीम के अनिल कुमार सहित भारी संख्या में कतरास पुलिस मौजूद रहे।
