
कतरास: धनबाद जिले के रामराज मंदिर चिटाही धाम व धनबाद सांसद ढुल्लू महतो के आवास से महज कुछ ही दूरी पर सोनारडीह ओपी अंतर्गत बहियारडीह बस्ती के समीप बंद पड़े माइंस में धड़ल्ले से अवैध कोयला खनन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय बस्ती में भू धंसान का खतरा उत्पन्न हो गया है।

बस्ती के सैकड़ो घरों के नीचे जबरन अवैध खनन करने का आरोप लगाते हुए सैकड़ो महिलाओं ने अवैध खनन स्थल पहुंचकर अवैध खनन व अवैध कारोबार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि कोयला तस्कर हमारे घरों के नीचे अवैध तरीके से कोयला खनन कर रहे हैं, जिससे टंडाबाड़ी भू धंसान वाली स्थिति पैदा होने का डर लग रहा है। अगर ऐसे ही अवैध खनन चलता रहा तो एक दिन पूरा बस्ती जमीनदोज हो जाएगा और सैकड़ो हजारों लोग काल के गाल में समा जाएंगे। महिलाओं ने बताया कि वे लोग अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने और अवैध खनन बंद करने की मांग को लेकर क्षेत्रीय कार्यालय गोविंदपुर का घेराव करेंगे।
राम मंदिर के पीछे बहियारडीह में चल रहे अवैध माइंस को बंद कराने पहुंची बस्ती की महिलाएं
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बहियारडीह में बड़े पैमाने पर पर चल रहे अवैध खनन में किसी अजय नामक व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोयला तस्कर अजय माननीय के संरक्षण में ही धनबाद सांसद ढुल्लू महतो एवं बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो के चिटाही स्थित आवास एवं राम मंदिर चिटाहीधाम के पीछे कुछ दूरी पर बंद खदान में धड़ल्ले से अवैध खनन कर रहा है। वही राम मंदिर के समीप हो रहे इस अवैध खनन को लेकर अब तक धनबाद सांसद ढुल्लू महतो एवं बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो की अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आने से लोगों में कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। इधर ग्रामीण अवैध खनन बंद करने को लेकर आर पार लड़ाई लड़ने के मूड में नजर आ रहे हैं। वहीं स्थानीय सोनारडीह ओपी पुलिस एवं सीआईएसएफ की कार्यशैली पर भी लोगों की निगाहें बनी हुई है। अब देखना है कि ग्रामीणों के द्वारा खुलकर विरोध करने के बावजूद अवैध खान पर कार्रवाई होती है या फिर भ्रष्ट सिस्टम के आगे सब कुछ नजर अंदाज कर दिया जाता है।
