
तोपचांची : धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर कामता गैरेज के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और क्षतिग्रस्त केबिन में घंटों तक फंसा रहा। राहत-बचाव दल के कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे धनबाद की ओर से आ रहा ट्रेलर ट्रक सड़क पर अचानक से आए पशुओं को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान ट्रेलर ने आगे चल रहे एक ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अपने केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, एनएचएआई के कर्मी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे।

चालक को बाहर निकालने के लिए गैस कटर और हाइड्रा मशीन की सहायता ली गई। लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को सुरक्षित निकाला जा सका। बताया जा रहा है कि चालक गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद एनएचएआई की 1033 एम्बुलेंस से बेहतर इलाज के लिए धनबाद भेजा गया। दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची तोपचांची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए वाहनों का परिचालन सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। लोगों का कहना है कि समय रहते राहत-बचाव दल ने तत्परता नहीं दिखाई होती तो चालक का बचना मुश्किल था। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षित वाहन चालन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।
