
कतरास : कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल एंड कॉकटेल रेस्टोरेंट के समीप स्थित न्यू कोल डम्प कॉलोनी के पास एक दुकान में सामान खरीदने गए 18 वर्षीय युवक पर कुछ स्थानीय युवकों ने हमला कर दिया। इस हमले में अमन कुमार पासवान नामक युवक का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के संबंध में पीड़ित अमन कुमार पासवान ने कतरास थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, अमन पासवान, पिता: बिरजू पासवान 26 जून 2026 शनिवार की शाम करीब 6:00 बजे अपने घर के बगल में स्थित एक दुकान पर सामान खरीदने गया था। उसी दौरान दुकान में पहले से मौजूद दुर्गा कॉलोनी निवासी तीन युवकों—अमन कुमार, आयुष ठाकुर और हंस पासवान ने अचानक उस पर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट के दौरान अमन के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उसका माथा फट गया। घटना की सूचना मिलने पर कतरास थाना का गश्ती दल मौके पर पहुँचा तथा घायल अमन को तुरंत इलाज के लिए उमाशंकर सिंह अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित ने थाने पहुँचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
अनहोनी की आशंका पर अमन ने प्रशासन से की सुरक्षा की मांग
पीड़ित अमन कुमार पासवान ने पुलिस को बताया कि वह इस घटना के बाद से काफी डरा हुआ है। उसे आशंका है कि आरोपी युवक उसके साथ फिर से कोई अनहोनी घटना या दोबारा हमला कर सकते हैं। पीड़ित ने थाना प्रभारी से आरोपियों के खिलाफ सख्त और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वही पुलिस मामले की छानबीन भी कर रही है।
