
पिस्तौल का भय दिखाकर गेट खुलवाया, फिर ले उड़े 15-20 हाइवा कोयला- संजय शर्मा
कतरास: अंगारपथरा ओपी क्षेत्र स्थित आर.के. कोल माइंस प्रा. लि. (एएसजीकेसीसी) के गजलीटांड़ कोल डंप में हथियारबंद अपराधियों द्वारा सुरक्षा कर्मियों को बंधक बनाकर करीब 450 टन कोयले की डकैती किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना को लेकर बिहार सिक्योरिटी सर्विस के संचालक संजय शर्मा ने अंगारपथरा ओपी में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, एक जुलाई की रात करीब 11:30 बजे काले रंग की स्कॉर्पियो से कुछ अज्ञात अपराधी डंप के मुख्य गेट पर पहुंचे। गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई और गेट खुलवाया गया। इसके बाद 4-5 बदमाश अंदर घुस आए और सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल फोन छीन लिए। कुछ ही देर में 15-20 अन्य लोग भी डंप परिसर में प्रवेश कर गए। आरोप है कि अपराधियों ने सुरक्षा कर्मियों को एक कंटेनर में बंद कर दिया और हवाई फायरिंग करते हुए मुख्य गेट खोलकर 15 से 20 हाइवा तथा तीन जेसीबी मशीनों की मदद से तड़के करीब 4:30 बजे तक लगभग 450 टन कोयला उठा ले गए। लूटे गए कोयले की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। वारदात के बाद आरोपी सुरक्षा कर्मियों के मोबाइल फोन कंटेनर में ही छोड़कर फरार हो गए।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि घटना से पूर्व क्षेत्र के कुछ लोगों द्वारा डंप का वीडियो बनाया गया था तथा सुरक्षा कर्मियों को धमकियां दी गई थीं। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि इस घटना में उन्हीं लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है। संजय शर्मा ने पुलिस से अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध डकैती सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा लूटे गए कोयले की बरामदगी की मांग की है।
क्या कहते हैं ओपी प्रभारी
अंगारपथरा ओपी प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि सुरक्षा गार्ड एवं प्रबंधन की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
