
कतरास/धनबाद: केन्दुआडीह में लगातार हो रहे भू-धंसान और गैस रिसाव की समस्या के समाधान तथा पिछले छह-सात महीनों से बंद धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क को दोबारा चालू करने के लिए सोमवार को समाहरणालय में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार (डीडीएमए) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त सह डीडीएमए अध्यक्ष आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों, बीसीसीएल और विभिन्न तकनीकी संस्थानों के विशेषज्ञों ने भाग लिया
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बीसीसीएल 10 जुलाई 2026 तक खुदाई कार्य के लिए विस्तृत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार कर जिला प्रशासन को सौंपेगा। इसके बाद वैज्ञानिक तरीके से क्षतिग्रस्त सड़क के नीचे खुदाई कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा। खुदाई के दौरान पूरे प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा तथा सभी प्रभावित परिवारों को अस्थायी राहत शिविरों में स्थानांतरित किया जाएगा। इस अभियान में डीजीएमएस, आईआईटी (आईएसएम), सिम्फर और रेस्क्यू टीम की निगरानी में सुरक्षा मानकों का पालन किया जाएगा।

बैठक में सांसद ढुलू महतो, विधायक राज सिन्हा, अरूप चटर्जी, रागिनी सिंह, चंद्रदेव महतो और जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने धनबाद-बोकारो सड़क को आम जनता के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए तकनीकी जांच पूरी कर सुरक्षित रूप से सड़क को जल्द शुरू करने पर जोर दिया। वहीं बीसीसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल ने भी सुरक्षित तरीके से सड़क चालू करने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने प्रभावित रैयतों को अपने आवेदन लैंड सेल में जमा करने तथा करमाटांड क्षेत्र का विशेष सर्वे कराने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में बीसीसीएल यदि किसी सरकारी सड़क, बिजली के खंभे या पाइपलाइन के पास प्रशासन की अनुमति के बिना कार्य करेगा और नुकसान पहुंचाएगा तो संबंधित एरिया के महाप्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
