
कतरास: धनबाद नगर निगम के लोयाबाद वार्ड संख्या 08 में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य किया गया। उक्त सड़क निर्माण में अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने भारी गड़बड़ी और घोटाला होने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर रत्नेश कुमार ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर जांच करने की मांग की है। रत्नेश कुमार ने बताया कि लोयाबाद वार्ड संख्या 08 में स्थित बीजीएस हाई स्कूल के पीछे पीसीसी सड़क निर्माण कार्य के साथ अन्य स्थानों पर भी सड़क निर्माण कार्य कराया गया है, जिसकी कुल स्वीकृत राशि 83,72,000 रुपए है। निर्माण का जिम्मा ठेकेदार संजय कुमार सिंह को मिला है।
लेकिन ठेकेदार द्वारा घटिया क्वालिटी का बालू, गिट्टी और सीमेंट आदि का इस्तमाल गया है, जिसके कारण पहली बारिश में ही रोड की स्थिति खराब हो गई है। रोड पर सीमेंट के जगह बस बालू ओर गिट्टी नजर आ रहे है। जगह जगह रोड टूटने लगी है। 8 इंच की मोटी ढलाई के बदले केवल 4 इंच का ढलाई किया गया है। टूटी हुई रोड पर मिट्टी भराई के जगह कचड़ा भराई किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अगर निर्माण कार्य का ठीक से जांच कराया गया तो भ्रष्टाचार का पूरा पोल पट्टी खुल जाएगा। उन्होंने जिम्मेदार अभियंता पर आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माण कार्य के दौरान एक दिन भी जेई ने निरीक्षण नहीं किया। इससे साफ प्रतीत होता है कि ठेकेदार और जेई के मिली भगत से सरकारी राशि का ना केवल दुरुपयोग किया जा रहा है बल्कि लाखों करोड़ों की लूट भी की जा रही है। उन्होंने मुख्य सचिव से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
