
कतरास: कतरास चैतूडीह कोलियरी परियोजना पदाधिकारी के कार्यालय में सोमवार (27 जुलाई 2026) को गजलीटांड़ क्षेत्र में व्याप्त पानी, बिजली और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं को लेकर प्रबंधन और भाजपा जनप्रतिनिधियों के बीच एक महत्वपूर्ण वार्ता संपन्न हुई।
यह वार्ता पूर्व पार्षद सह भाजपा धनबाद महानगर के उपाध्यक्ष महेश पासवान के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक के दौरान स्थानीय लोगों को हो रही मूलभूत समस्याओं—जैसे पीने के पानी की आपूर्ति, बिजली संकट और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों पर विस्तार से चर्चा की गई और प्रबंधन से जल्द से जल्द राहत देने की मांग की गई।
प्रबंधन ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा, एक सप्ताह का लिया समय
जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए परियोजना प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र की सभी समस्याओं का सकारात्मक समाधान कर लिया जाएगा।
वार्ता में प्रबंधन पक्ष की ओर से परियोजना पदाधिकारी इलियास अंसारी, कोलियरी इंजीनियर विश्वनाथ जी, कोलियरी मैनेजर आशीष सिंह,
सहायक प्रबंधक सुनील तिवारी, फोरमैन मुख्तार राम एवं भाजपा प्रतिनिधि मंडल की ओर से पूर्व पार्षद सह भाजपा धनबाद महानगर उपाध्यक्ष महेश पासवान, भाजपा कतरास मंडल अध्यक्ष, सूर्य देव मिश्रा, लाल मोहन सिंह,पप्पू सिंह, मदन चौरसिया, महात्मा दास,किस्टो राम, मलुर राम, सरोज राम एवं अन्य स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
एक सप्ताह में समस्या दूर नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन – सूर्यदेव मिश्रा
भाजपा कतरास मंडल अध्यक्ष सूर्यदेव मिश्रा ने कहा कि यदि प्रबंधन अपने वादे से मुकरती है और एक सप्ताह के अंदर समस्याओं का समाधान नहीं करती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों ने इस वार्ता के बाद उम्मीद जताई है कि प्रबंधन अपने वादे के अनुसार निर्धारित समयसीमा के भीतर बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त कर देगा।
