
कतरास: निचितपुर अस्पताल परिसर से मंगलवार (22 सितंबर) की रात करीब 8:40 बजे चोरों ने जेनरेटर के लिए रखा 40 लीटर डीजल उड़ा लिया। मामले की लिखित शिकायत मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, पार्किंग जोन में जेनरेटर के पास दो गैलन में 40 लीटर डीजल सुरक्षित रखा गया था, जो सुबह गायब पाया गया। संदेह होने पर जब प्रबंधन ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला, तो चोरी का चौंकाने वाला तरीका सामने आया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक ही स्कूटी पर सवार होकर आए पाँच युवक दोनों गैलन उठाकर आसानी से फरार हो गए। अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज के साक्ष्यों के आधार पर पाँच आरोपियों की पहचान कर पुलिस को नाम सौंपे हैं और कार्रवाई की मांग की है। नामजद आरोपियों में फुलवार निवासी विशाल कुमार सिंह, सौरव कुमार सिंह, सोमेन प्रामाणिक सहित प्रधानखंता के अखिल सिंह और रघुनाथपुर के रवि चौधरी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार लिखित आवेदन और फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है एवं आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
