
कतरास: कतरास और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं से आक्रोशित स्थानीय लोगों और कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा के सदस्यों ने बुधवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शहर में भ्रमण कर आम दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को काला बिल्ला लगाया तथा बीसीसीएल प्रबंधन एवं केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में वार्ड 5 की पार्षद निरुपमा देवी ने भी शामिल होकर आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने भू-धंसान की गंभीर समस्या के लिए बीसीसीएल की कोयला खनन नीतियों और केंद्र सरकार की उदासीनता को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने मांग की कि प्रभावित इलाकों में अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए और स्थानीय नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा के लिए स्थायी कदम उठाए जाएं। मोर्चा के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस जानलेवा समस्या का ठोस समाधान नहीं निकाला गया, तो जनआंदोलन को और अधिक उग्र एवं व्यापक रूप दिया जाएगा। इस मौके पर प्रकाश राम गुप्ता, चुन्ना यादव, सुरेश केडिया, मनोज गुप्ता, बलबीर सिंह और प्रदीप पांडे समेत भारी संख्या में स्थानीय व्यापारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
