
कतरास: कतरास कोयलांचल में प्रतिभा की कमी नही है। रेलवे, बैंकिंग, डिफेंस, सिविल सर्विसेज के साथ साथ पावर लिफ्टिंग और वेटलिफ्टिंग में अब तक सैकड़ो युवक युवतियों ने न केवल कतरास कोयलांचल का गौरव बढ़ाया है बल्कि विभिन्न क्षेत्रों में डंका बजाकर अपनी दमदार उपस्थिति भी दर्ज कराई है। हाल ही(16 जनवरी) में खेलगांव (मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) राँची में आयोजित 7वीं झारखंड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कतरास राजबाड़ी निवासी सिंटू मुखर्जी ने सीनियर कैटेगरी 65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर पूरे कतरास को गर्व करने का मौका दिया।

बता दें कि इस प्रतियोगिता झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों के कुल 49 अनुभवी वेटलिफ्टरों ने हिस्सा लिया था। दर्जनों अनुभवी प्रतिभागियों के बीच हुए इस कड़े मुकाबले में सिंटू मुखर्जी ने उत्कृष्ट तकनीक, धैर्य, शक्ति और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। उनकी इस सफलता से खेल संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं साथी खिलाड़ियों के साथ साथ धनबाद जिला एवं राज्य भर से खेल प्रेमियों ने उनको बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। वही कतरास राजबाड़ी एवं उनके घर मे हर्ष का माहौल है।

सिंटू मुखर्जी की यह उपलब्धि धनबाद जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाती है कि निरंतर अभ्यास और अनुशासन से बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है।
बता दे कि सिंटू मुखर्जी धनबाद जिला वेटलिफ्टिंग संघ के एसोसिएट सेक्रेटरी हैं। उनका बच्चों एवं शिक्षा से बहुत गहरा लगाव है इसलिए वे पिछले दो वर्षों से अपने नजदीक के एक निजी शिक्षण संस्थान में शिक्षण का कार्य भी कर रहे हैं।
