
कतरास: बाघमारा प्रखंड के निचितपुर-1 पंचायत अंतर्गत श्यामडीह स्थित उर्दू प्राथमिक विद्यालय की ज़मीन पर कथित तौर पर अवैध कब्ज़ा करने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीणों ने धनबाद उपायुक्त को लिखित आवेदन सौंपकर ज़मीन को अविलंब अतिक्रमण मुक्त कराने की जोरदार मांग की है।
बाउंड्रीवाल बनाकर घेरी गई 10 डिसमिल ज़मीन, खेलकूद और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं मासूम छात्र
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपालपुर मौजा के खाता संख्या 43 और प्लॉट संख्या 223 के तहत आने वाली कुल 22 डिसमिल ज़मीन में से करीब 10 डिसमिल हिस्से पर कुछ लोगों द्वारा बाउंड्रीवाल खड़ी कर अवैध रूप से कब्ज़ा कर लिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय परिसर की घेराबंदी न होने के कारण न केवल बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है, बल्कि पर्याप्त जगह के अभाव में वे खेलकूद से भी वंचित हैं। इसके अलावा, ज़मीन सिकुड़ने से विद्यालय में शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का विकास और संचालन भी गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है।
इस गंभीर समस्या को लेकर अता उल्लाह अंसारी, राजन मीर, आलम खान, सैफ, गुलाम दस्तगीर, मो. शमशाद, मो. मुईनुद्दीन, मो. जावेद अंसारी, मो. सफवान हुसैन, आलम दस्तगीर कादरी, मो. अरमान अंसारी, मो. सोहेल, पलाम मंडल, दिलीप देशवाली, बाबन खान, वसील खान, इम्तियाज अली, शाकिर खान और हैदर अली सहित दर्जनों ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर डीसी से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। ग्रामीणों की इस शिकायत की प्रतिलिपि बाघमारा के अंचल अधिकारी (CO), अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दी गई है।
