
कतरास: कतरास कॉलेज भीतरी मुख्य द्वार पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का बैनर लगाकर कॉलेज गेट के पास धरना देना अब विवादों में दिख रहा है। एनएसयूआई ने इस पर आपत्ति जताते हुए बीबीएमकेयू के रजिस्ट्रार से इसकी शिकायत करते हुए जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।


बीबीएमकेयू के एनएसयूआई अध्यक्ष राज रंजन सिंह ने बताया कि 27 जनवरी को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का बैनर लगाकर शुभम हजारी के द्वारा कतरास कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर सभी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य को जबरन ठप कर दिया गया। इससे न केवल सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न हुई बल्कि छात्र-छात्राओं शिक्षकों एवं कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना भी करना पड़ा। इस कार्य में कॉलेज के कुछ सहायक शिक्षक अप्रत्यक्ष रूप से ऐसे असमाजिक तत्वों को सहयोग कर रहे हैं। शुभम हजारी के द्वारा रात के समय एक वीडियो जारी कर कॉलेज के कुछ कागजों को हाथ में उठाते हुए दिखाया जा रहा है। यदि ये दस्तावेज गायब जाए तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? एनएसयूआई ने शुभम को बाहरी छात्र बताते हुए बाहरी व्यक्ति पर एवं इसमें संलिप्त अथवा संरक्षण देने वाले जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की।

हमने जो भी किया है छात्रहित में किया है, छात्र हित में आगे भी आंदोलन जारी रहेगा – शुभम हजारी
वहीं इस पूरे मामले को लेकर शुभम हजारी ने कहा कि वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रादेशिक विश्वविद्यालय सह संयोजक है। इस नाते छात्र हित में बीबीएमकेयू के किसी भी महाविद्यालय में जाने का एवं उस कॉलेज में व्याप्त अनियमितताओं एवं कुव्यवस्थाओं को दिखाने का उनका अधिकार है। यदि छात्रों का परीक्षा पेपर कॉलेज में इर्द गिर्द फेंका हुआ है। उसे उचित स्थान में नहीं रखा गया है तो फिर छात्र – छात्राओं का पूरे साल मेहनत करने का क्या फायदा है। वीडियो के माध्यम से हमने कॉलेज परिसर में फैली गंदगी और कुव्यवस्था को दिखाया है ताकि कॉलेज प्रबंधन उस पर संज्ञान लेकर कुव्यवस्थाओ को दूर करे। वहीं इस मामले में कतरास कॉलेज के प्राचार्य ने कहा कि उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पहले ही कतरास थाना को दे दी है।
वहीं मिली जानकारी के अनुसार बीबीएमकेयू के रजिस्ट्रार ने कहा कि 15 दिनों के भीतर कमेटी बनाकर मामले की जांच पड़ताल की जायेगी तथा दोषी व्यक्ति पर कार्रवाई की जायेगी। मौके पर एनएसयूआई विश्वविद्यालय अध्यक्ष राज रंजन सिंह, कतरास नगर पूर्व अध्यक्ष साहिल अली, पीके राय कॉलेज उपाध्यक्ष आयुष सिंह, दीपक, ओम, गणेश, प्रवीण एवं अन्य छात्र मौजूद थे।
