
कतरास : हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी राजबाड़ी रोड कतरास में गणेश मंदिर के प्रांगण में मोदक समाज कल्याण संस्था के द्वारा पूरे धूमधाम से गणेश पूजा महोत्सव मनाया गया। गुरुवार को सुबह से ही गणेश मंदिर में गणेश जी की पूजा अर्चना करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। वही विशेष पूजा का आयोजन संध्या 7:00 बजे हुआ। पंडित जी के द्वारा विधि विधान से फल, फूल, लड्डू आदि भोग लगाकर पूजा अर्चना एवं हवन किया गया। देर रात्रि को सामाजिक कार्यकर्ता सह पार्षद प्रत्याशी मधुमाला भी मंदिर पहुंचकर ईश्वर से आशीष ली।

आयोजकों ने मंदिर प्रांगण को रंग बिरंगे लाइटों एवं झंडियों से सजा दिया था। आसपास में उत्साह का माहौल बना हुआ था। आयोजकों ने बताया कि कई दशकों से प्रत्येक वर्ष यहां धूमधाम से गणेश पूजा मनाते हुए आ रहे हैं। इस वर्ष भी पूरे हर्षोल्लास के साथ गणेश महोत्सव मनाया जा रहा है। बताया कि शुक्रवार को खिचड़ी महाभोग प्रसाद का वितरण किया जाएगा तथा संध्या में भक्ति गीत नृत्य नाटिका का आयोजन सुनिश्चित किया गया है।

गणेश पूजा का महत्व
हिंदू धर्म में प्रथम पूज्य भगवान के रूप में भगवान गणेश की पूजा की जाती है, जो ‘विघ्नहर्ता’ के रूप में जीवन की बाधाओं को दूर करते हैं और बुद्धि, सफलता व समृद्धि प्रदान करते हैं। किसी भी नए कार्य के प्रारंभ में, सफलता पाने, घर में सुख-शांति लाने और नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने के लिए गणेश जी की पूजा की जाती है। उन्हें रिद्धि-सिद्धि का दाता माना जाता है। उनकी पूजा से घर में सुख, शांति, समृद्धि और धन का आगमन होता है। ऐसा माना जाता है कि गणेश जी को दूब घास, मोदक और लाल फूल बहुत पसंद हैं। गणेश जी की पूजा में ये सब चढ़ाने से भगवान गणेश प्रसन्न होते हैं और भक्तों पर कृपा बरसाते हैं।
