
नगर निगम धनबाद ने पीएम आवास, सामुदायिक भवन, पीसीसी सड़क, नाली, शेड सहित स्ट्रीट लाइट की सूची सार्वजनिक की


कतरास/धनबाद: नगर निगम धनबाद के अंतर्गत वार्ड संख्या 5 के समुचित विकास हेतु वर्ष 2015 से 2019 के बीच 2 करोड़ 60 लाख 7 हजार 4 सौ 84 रुपए की लागत से निर्माण कार्य हुए हैं। इस दौरान वार्ड 5 में 75 प्रधानमंत्री आवास, 2 सामुदायिक भवन, 5 पीसीसी सड़क, एवं 4 नालियों का निर्माण कराया गया। वहीं पूरे वार्ड में कुल 211 स्ट्रीट लाइट लगाए गए हैं।

आरटीआई कार्यकर्ता अरबिन्द सिन्हा के आरटीआई पर नगर निगम धनबाद ने दी जानकारी
यह जानकारी आरटीआई कार्यकर्ता अरबिन्द सिन्हा के द्वारा लगाए गए एक आरटीआई के जवाब में नगर निगम धनबाद के द्वारा उपलब्ध कराया गया है। दी गई जानकारी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वार्ड आवास का लाभ लेने वाले वार्ड संख्या 5 के 75 लाभुकों की सूची को भी सार्वजनिक किया गया है। वहीं वार्ड 5 को विकसित करने के उद्देश्य से वार्ड में 2 सामुदायिक भवन, 5 पीसीसी सड़क, एवं 4 नालियों के निर्माण में कुल 2 करोड़ 60 लाख से अधिक राशि खर्च की गई है। जबकि दिए गए जवाब में यह भी स्पष्ट किया गया है कि वार्ड 5 में 2015 से 2019 के बीच एक भी शेड का निर्माण नहीं हुआ है। वहीं वर्ष 2015 से 2019 के बीच 211 स्ट्रीट लाइट लगाया गया है। बता दे कि ये सभी विकास कार्य वार्ड संख्या 5 के तत्कालीन पार्षद राजेन्द्र भुइंया के कार्यकाल में किया गया है।

निरुपमा देवी ने आंकड़ों पर जताया आपत्ति, कहा 211 लाइट लगे तो गलियों में अंधेरा क्यों?
मामले को लेकर वार्ड संख्या 5 के सामाजिक कार्यकर्ता सा पार्षद प्रत्याशी निरुपमा देवी ने कहा कि आंकड़े पूरी तरह से भ्रामक और गलत है विकास कार्य वार्ड 5 में कहीं भी नहीं दिख रहा है। उन्होंने पीसीसी सड़क और नाली निर्माण पर भी सवाल उठाया है। कहा कि नगर निगम को यह बताना चाहिए कि उन्होंने वार्ड पांच के किस-किस जगह पर पांच पीसीसी सड़क एवं चार नालियों का निर्माण कराया है। वहीं उन्होंने 211 स्ट्रीट लाइट लगाने के सवाल पर आपत्ती जताते हुए कहा कि यदि 211 स्ट्रीट लाइट लगे हैं तो वार्ड की गलियों में अंधेरा क्यों पसरा है। क्या स्ट्रीट लाइट केवल कागजों में जल रहा है। 211 स्ट्रीट लाइट कहां कहां लगाया गया है यह किसी को भी नहीं पता है। उन्होंने कहा कि लकड़का 2 नंबर, लकड़का 4 नंबर, लकड़का 9 नंबर, ग़जलीटांड़ तथा अंगारपथरा की कई गलियां आज भी अंधेरे में डूबी रहती हैं। जिसके चलते महिलाओं और बच्चों को कई तरह की समस्याओं से जूझना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में भ्रष्टाचार की बु आ रही है। निष्पक्ष जॉच की मांग करती हूं।
