
कतरास: मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे नगर आयुक्त धनबाद आशीष गंगवार, सहायक नगर आयुक्त शिखा कुमारी, राजस्व अधिकारी सचिन कुमार सहित कई अधिकारियों की टीम ने कतरास हटिया का औचक निरीक्षण किया। नगर आयुक्त एवं सहायक नगर आयुक्त तथा राजस्व अधिकारी ने सैकड़ो वर्ष पुराना कतरास हटिया में सैकड़ो एकड़ में फैले अतिक्रमण का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों की टीम ने हटिया में अवैध रूप से बनाए गए मकान, दुकान, स्कूल व मार्केट का जायजा लिया। करीब 15 मिनट तक अधिकारियों ने आपस में गुफ्तगू की। अधीनस्थ अधिकारियों ने नगर आयुक्त को कतरास हटिया में फैले अतिक्रमण की जानकारी दी तथा बताया कि अतिक्रमण के कारण जमीन कम पड़ने से बकरा हटिया से राजस्व का वसूली कम होता है। उसके बाद नगर आयुक्त ने अधिकारियों को कुछ जरूरी निर्देश दिया और निकल गए।

वहीं विशेष सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राज्य सरकार द्वारा कतरास हटिया में बकरा हाट के लिए नगर निगम को 5 एकड़ जमीन मुहैया कराया गया है। लेकिन फिलहाल दो से ढाई एकड़ जमीन में ही निगम का बकरा हाट चल रहा है। अतिक्रमण का आलम यह है कि निगम को एक जगह में 5 एकड़ जमीन नहीं मिल पा रहा है। जबकि कतरास मौजा (239) के खाता संख्या 312 में 189.86 एकड़ जमीन सरकारी है। लेकिन हर जगह कुछ न कुछ अवैध रूप से निर्माण किया हुआ है। जिसके जांच पड़ताल में नगर आयुक्त व अन्य अधिकारियों की टीम ने कतरास हटिया का औचक निरीक्षण किया। वहीं अचानक हुए इस निरीक्षण से कतरास हटिया के अतिक्रमण कारियों में खलबली मच गई।

निगम के परिसंपत्तियों को देखने आया हूं, अतिक्रमण हटाने के लिए विधिसम्मत कार्रवाई होगी- आशीष गंगवार
नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि वह कतरास हटिया में निगम की परिसंपत्तियों को देखने और समझने आए हैं। कहा कि कैसे यहां सैरात होती है कैसे मैनेजमेंट होता है और इसमें क्या सुधार करना है। अतिक्रमण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जानकारी मिली है कि मामला हाइकोर्ट में चल रहा है, वर्तमान स्थिति को देखते हुए आगे की कार्रवाई की जायेगी।
तकरीबन 190 एकड़ सरकारी जमीन पर फैला है अतिक्रमण, बने हैं कई मकान, दुकान
कतरास बाजार व कतरास हटिया की लगभग 190 एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध रूप से अतिक्रमण का जाल फैला हुआ है। अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए आधा दर्जन से अधिक बार अतिक्रमण कार्यों को नोटिस भी दिया जा चुका है लेकिन अब तक नगर निगम या जिला प्रशासन कतरास हटिया से अतिक्रमण मुक्त करने में कामयाबी हासिल नहीं कर सकी है। अगस्त 2022 में अंचल अधिकारी बाघमारा कमल किशोर सिंह ने कतरास हटिया से अतिक्रमण हटाने के लिए काफी जद्दोजहद किया था। 20 से अधिक लोगों को नोटिस भी थमाई गई थी। लेकिन बाद में यह कार्रवाई भी ठंडा बस्ता में चला गया।
अतिक्रमण हटाने वाला बुलडोजर बीच में ही ब्रेकडाउन हो जाता है- स्थानीय ग्रामीण
पिछले कई सालों में कई बार कतरास हटिया से अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर अंचल कार्यालय बाघमारा, नगर निगम व जिला प्रशासन के द्वारा प्रयास किया गया, लेकिन हर बार किसी ने किसी कारणवश यह प्रयास असफल हो गया। स्थानीय लोगों का मानना है कि जितने भी अधिकारी कतरास हटिया से अतिक्रमण हटाने की कोशिश करते हैं उन्हें राजनीतिक दबाव झेलना पड़ता है। राजनीतिक दबाव के आगे अधिकारियों की एक नहीं चल पाती है और हर बार अतिक्रमण हटाने वाला बुलडोजर बीच में ही ब्रेकडाउन हो जाता है।

हालांकि स्थानीय ग्रामीणों को इस बार नगर आयुक्त श्री आशीष गंगवार से एवं जिला प्रशासन से सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद है। अब देखना है कि आगे कि कार्रवाई नगर निगम किस प्रकार करेगी।
