
कतरास: कतरास के रानी बाजार स्थित श्री कृष्णा मातृ सदन में बृहस्पतिवार को ‘सुरक्षित गर्भपात (Medical Termination Of Pregnancy)’ विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ईस्ट जोन कोऑर्डिनेटर प्रो. डॉ. प्रतिभा राय, धनबाद सोसाइटी ऑफ ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी (DSOG) की सचिव डॉ. रीना वर्णवाल, श्री कृष्णा मातृ सदन की निदेशक डॉ. शिवानी झा तथा सात्विक आईवीएफ की निदेशक डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। संस्थान के कर्मियों ने अतिथियों को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया।
डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं उनके परिजनों को सुरक्षित गर्भपात के प्रति जागरूक करना है। विशेषज्ञों ने बताया कि गर्भपात हमेशा मान्यता प्राप्त अस्पताल और प्रशिक्षित डॉक्टर की देखरेख में ही कराना चाहिए। बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवाइयां लेना या घरेलू उपाय अपनाना जानलेवा हो सकता है। चिकित्सकों ने जोर देकर कहा कि प्रक्रिया से पूर्व ब्लड ग्रुप व हीमोग्लोबिन की जांच अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि कई मामलों में अत्यधिक रक्तस्राव का जोखिम रहता है। साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता और प्रक्रिया के बाद पूर्ण विश्राम जरूरी है। अत्यधिक रक्तस्राव, तेज दर्द या बुखार जैसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में धीरज कुमार सिंह, मुन्ना झा, गीता देवी, मीना कुमारी, सुमन गोस्वामी, वीरेंद्र गोप, कृष्णा गोप सहित अस्पताल के सभी सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
