
अनुष्का ग्रुप ने जीता मटका सज्जा प्रतियोगिता का खिताब, मूल्यांकन कर्ताओं एवं शिक्षकों ने दी बधाईयां
कतरास: राजेंद्र कन्या मध्य विद्यालय, कतरास में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर राधा-कृष्ण बाल-रूप एवं मटका सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा 1 से लेकर कक्षा 8 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान दर्जनों नन्हें-मुन्ने बच्चों ने राधा और कृष्ण का रूप धारण कर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा विद्यालय परिसर राधा कृष्ण में भक्तिमय हो उठा। इसके साथ ही छात्रों के लिए मटका सज्जा प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

अनुष्का ग्रुप रहा मटका प्रतियोगिता का विजेता
विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मटका सज्जा प्रतियोगिता में कक्षा 8 (बी) की अनुष्का, आरुषि, आलिया और उर्मिला के ‘अनुष्का ग्रुप’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा अन्य दर्जनों छात्र-छात्राओं ने भी अलग-अलग सांस्कृतिक एवं कलात्मक प्रस्तुतियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों एवं मूल्यांकन कर्ताओं के रूप में वार्ड 1 की पार्षद डॉ. मधुमाला, आरटीआई कार्यकर्ता अरबिन्द सिन्हा, सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश भट्ट, पंकज सिन्हा, अशोक शर्मा तथा शैलेन्द्र सिन्हा उपस्थित रहे।
पार्षद डॉ. मधुमाला ने मटका प्रतियोगिता की विजेता टीम (अनुष्का ग्रुप) को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों की जमकर सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सांस्कृतिक आयोजनों से दूर होती है झिझक: राकेश कुमार मुरली
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राकेश कुमार मुरली ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है। मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करने से बच्चों के अंदर का संकोच और झिझक समाप्त होती है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो पाता है। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
