
कतरास : लोकतंत्र के पर्व के अंतर्गत नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत वार्ड सँख्या एक में स्थित बंगला बालक कतरास बूथ संख्या 200 में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। सुबह से ही मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई। वोटर वोट देने के लिए बहुत उत्साहित देखे गए लेकिन बैलेट पेपर से चुनाव होने के कारण चुनाव प्रक्रिया में तुलनात्मक रूप से देर हो रहा था।

वहीं महिला, पुरुष और युवा मतदाता बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए देखे गए। मतदान को लेकर सबसे अधिक उत्साह बुजुर्गों में देखा गया। परिवार के सदस्यों के सहयोग से भारी संख्या में बुजुर्ग व विकलांग भी वोट देने के लिए पहुंचे। बुजुर्ग एवं विकलांग मतदाताओं को खड़े रहने के बजाय बैठने की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी तथा मतदान करने के लिए भी उन्हें प्राथमिकता दिया जा रहा था। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
वहीं शिक्षक सह सामाजिक कार्यकर्ता चंदन मोदक ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि मतदान अवश्य करें, आपका वोट आपका अधिकार है।
