
कतरास : इन दिनों अवैध कोयला कारोबार की तरह कोयलांचल में अवैध लॉटरी का कारोबार का नेटवर्क भी फैलता जा रहा है। धंधेबाजों की नजर गरीब लोगों के जेब पर है जो दिन रात मेहनत मजदुरी कर दो वक्त की रोटी कमा रहे हैं। अवैध लॉटरी के कारण दैनिक दिहाड़ी मजदूर, खुदरा सब्जी विक्रेता, चाय वाला, ठेले खोमचे लगाने वाले इसका शिकार होते जा रहे हैं। अवैध लॉटरी के कारण कई लोग गरीबी में धंसते जा रहे हैं। अवैध लॉटरी के दलदल में फंसने के कारण कई लोगों के घरों में चूल्हे नहीं जल रहे हैं। जिससे गरीब घरों के बच्चों को कई रात भूखे भी बिताना पड़ रहा है।

समीर है अवैध लॉटरी का मास्टरमाइंड, संतोष को बनाया है शागिर्द
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ताजा मामले में झरिया के समीर नामक एक अवैध लॉटरी मास्टरमाइंड ने महुदा और कतरास में एंट्री मारी है। मास्टरमाइंड समीर ने महुदा हाथूडीह के किसी संतोष को अपना शागिर्द बनाकर महुदा और कतरास में अपने अपने अवैध लॉटरी कारोबार के नेटवर्क को फैलाने का जिम्मा दिया है। मिली जानकारी के अनुसार अब अवैध लॉटरी विक्रेता संतोष कतरास और महुदा में अपने चैनल को बढ़ाने में लग गए हैं। इनके एजेंट घूम घूमकर आम लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं और उनके मेहनत की खून पसीने की कमाई को लॉटरी में बर्बाद करवा रहे हैं। एक वायरल टिकट के अनुसार उक्त लॉटरी पर B 7 कोड अंकित है तथा DEAR MAHANADI नाम से चल रहा है। आमलोगों ने इस अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ जांच पड़ताल करते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है तथा धंधेबाजों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
तीन महीना पहले पुलिस ने गोविंदपुर के जंगलपुर में अवैध लॉटरी छपाई स्थल पर की थी कार्रवाई
3 महीना पहले ही गोविंदपुर थाना क्षेत्र के जंगलपुर गांव में पुलिस ने अवैध लॉटरी छपाई स्थल पर छापेमारी कर लॉटरी की छपाई करते 5 आरोपियों को रंगेहाथ दबोच लिया था। मौके से पुलिस ने करीब 60 लाख रुपये के लॉटरी टिकट, 11 हजार 650 पार्सल प्लास्टिक पैक टिकट, दो लैपटॉप, तीन प्रिंटर, कई मोबाइल फोन, दो स्टेपलर मशीन और एक मोटरसाइकिल जब्त किया है। अब देखना है कि कतरास और महुदा क्षेत्र में बढ़ रहे अवैध लॉटरी नेटवर्क पर स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन कब तक कार्रवाई करती है।
