
कतरास: जानेमाने आरटीआई कार्यकर्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता जगत महतो ने अंचल कार्यालय बाघमारा में ऑनलाइन एंट्री एवं सुधार की जानकारी को सूचना पट में प्रकाशित कर सार्वजनिक करने की मांग की है। इस संदर्भ में उन्होंने अनुमंडल अधिकारी धनबाद, उपायुक्त, अंचल अधिकारी बाघमारा एवं थाना प्रभारी बाघमारा को पत्र लिखते हुए कहा है कि अंचल कार्यालय बाघमारा में जनता का कार्य सुचारू रूप से सहजतापूर्वक एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन हो इसके लिए ऑनलाइन एंट्री एवं सुधार की जानकारी सूचना पट में प्रकाशित किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी वह अंचल कार्यालय के कार्यों को पारदर्शी तरीके से निष्पादन कराने के लिए कई बार अंचल अधिकारी बाघमारा, उपायुक्त एवं अन्य अधिकारियों को पत्राचार करते आए हैं। समय-समय पर धरना प्रदर्शन के माध्यम से भी अंचल कार्यालय बाघमारा में ऑनलाइन एंट्री, सुधार एवं म्यूटेशन में भ्रष्टाचार के कारण आम जनता को हो रहे परेशानी और आर्थिक शोषण से अवगत भी करते आ रहे हैं। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करने के दौरान उनके ऊपर एवं समाचार संकलन के रहे एक पत्रकार के ऊपर तत्कालीन अंचल अधिकारी बाल किशोर महतो ने बाघमारा थाना में झूठा आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज किया है, जिसके कारण वह माननीय हाईकोर्ट रांची में रद्द करने की अर्जी लगाये हैं।

जगत महतो ने कहा कि वर्तमान में बाघमारा अंचल कार्यालय में ऑनलाइन प्रविष्टि सुधार एवं म्यूटेशन के कार्यों में भी राजस्व कर्मचारी द्वारा आवेदक को रिश्वत के लिए बाध्य किया जाता है। रिश्वत नहीं देने पर आवेदक को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है। आवेदक के आवेदनों एवं संबंधित कागजातों को गुम कर दिया जाता है। बिचौलिया के द्वारा रिश्वत का लेनदेन किया जाता है। पारदर्शिता सुनिश्चित हो इसके लिए प्राथमिकता के आधार पर पहले दिए गए आवेदन का पहले निपटारा हो ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए एवं प्रतिदिन निपटारा किए गए ऑनलाइन प्रविष्टि और सुधार की जानकारी को सूचना पट में प्रकाशित की जाए। अन्यथा ग्राम स्वराज अभियान के बैनर तले 30 मार्च 2026 से पुनः अंचल कार्यालय बाघमारा में सत्याग्रह सह भूख हड़ताल शुरू किया जाएगा।
