
कतरास: शनिवार को ईद-उल-फितर का पावन पर्व पूरे कोयलांचल क्षेत्र में अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही मस्जिदों और ईदगाहों की ओर अकीदतमंदों का सैलाब उमड़ पड़ा। लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर नमाज़ अदा की और देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
कोयलांचल के बाघमारा विधानसभा क्षेत्र सहित दरिदा, छाताबाद और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकत्र होकर ईद की नमाज़ अदा की। नमाज़ के बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को “ईद मुबारक” कहा, जिससे हर तरफ प्रेम, भाईचारे और एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

ईद के इस खास मौके पर घर-घर में खुशियों का माहौल रहा। नमाज़ के बाद लोगों ने अपने-अपने घरों में सेवइयां, खीर और विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का आनंद लिया। रिश्तेदारों और दोस्तों के बीच मिठाइयों का आदान-प्रदान हुआ। खासकर बच्चों में ईद को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला—नए कपड़े पहनकर वे ईदी लेने और दोस्तों के साथ खुशियां बांटने में मशगूल रहे। पूरे शहर में ईद को लेकर खास रौनक रही। बाजारों में भी चहल-पहल देखने को मिली और लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर मुबारकबाद दी। इस अवसर पर समाज के हर वर्ग के लोगों ने आपसी सद्भाव और सौहार्द का परिचय दिया, जो गंगा-जमुनी तहजीब की सुंदर झलक प्रस्तुत करता है।
वहीं, ईद के पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए धनबाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। शहर के संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। गश्ती दल लगातार निगरानी करते रहे, जिससे कहीं भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
