
कतरास: कतरास के राजबाड़ी स्थित बाउरी टोला में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां आग लगने से एक घर पूरी तरह से जलकर राख हो गया। बताते चले कि रामजी गोप उर्फ धर्मा के घर से अचानक तेज धुएं के साथ आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग भयभीत होकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग लगने की सूचना कतरास पुलिस, वार्ड एक के पार्षद मधुमाला और फायर बिग्रेड को दी एवं अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही कतरास पुलिस अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा लोगों को शांत रहने और धैर्य बनाये रखने का निर्देश दिया। कुछ देर बाद पार्षद मधुमाला दमकल की गाड़ी के साथ घटनास्थल पर पहुंची। दमकल पहुंचने के बाद बाघमारा विधायक भी मौके पर पहुँचे।

तुरंत ही आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। इससे पहले ही ग्रामीणों के सहयोग से आग पर बहुत हद तक काबू पाया जा चुका था लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी जिसके कारण ऊपर तल्ला में रखा हुआ सारा सामान जलकर राख हो गया।
वही पीड़ित रामजी गोप की पत्नी जोशना देवी ने बताया कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। आग लगने के कारणों का हमको स्पष्ट पता नहीं है। उन्होंने कहा कि घर का एक भी सामान नहीं बचा है और अब रहने लायक कुछ भी नहीं रहा। वहीं स्थानीय लोगों की माने तो घर के ऊपरी तल्ला मे भारी मात्रा में गोइठा(उपला) और लकड़ी रखा हुआ था। शॉर्ट सर्किट के वजह से सबसे पहले गोइठा में आग लगा लेकिन घर मे कोई नही रहने से यह आग फैलता गया। बाद में घर मे रखे लकड़ी और पलंग आदि में आग पकड़ लिया। बाद में पूरा घर को अपने चपेट में ले लिया।
परिवार वाले हुए बेघर, सरकारी सहायता राशि दिलाने का आश्वासन
इस घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया है। रामजी गोप की मां खरेला देवी और पत्नी जोशना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं पीड़ित परिवार की ओर से बताया गया कि घर में रखा पलंग अलमारी टेबल कुर्सी कलर पंखा सहित अन्य कई सारे सामान चलकर खाक हो गया। गहना-जेवर, नगदी तथा जरूरी कागजात भी बुरी तरह से जल गया। इस हादसे में लगभग 8 लाख का नुकसान बताया जा रहा है। पार्षद मधुमाला ने बताया कि अंचल अधिकारी बाघमारा गिरजानंद किस्कू से बात हुई है। पीड़ित परिवार को सरकार ओर से सरकारी सहायता उपलब्ध कराया जायेगा।
