
कतरास/बरोरा: बरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेहराकुदर गांव में पांच मार्च को हुई बमबाजी और मारपीट की घटना में आरोपी बनाए गए शुभम कुमार सिंह समेत अन्य सभी 7 लोगों को न्यायालय से बेल मिल गया। शुभम करीब दो महीने तक घर से फरार रहा था। न्यायालय ने वीडियो फुटेज के आधार पर मामले की सुनवाई करते हुए उन्हें जमानत प्रदान दिया।
इसी को लेकर बुधवार को अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शुभम कुमार सिंह ने कहा कि पांच मार्च को प्रभास सिंह के घर में हुई बमबाजी की घटना में उन्हें गलत तरीके से फंसाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि आदर्श कॉलोनी में चल रहे अवैध कोयला डिपो का ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे थे, जिसके कारण कोयला माफिया और सिंडिकेट के दबाव में उस पर झूठा आरोप लगाया गया था।
शुभम ने बताया कि घटना वाले दिन वह भी थाना में लिखित आवेदन देने पहुंचा था, लेकिन वहां पहले से कथित कोयला कारोबारियों की मौजूदगी के कारण उन्होंने अपना आवेदन डाक के माध्यम से थाना भेजा। उन्होंने कहा कि बेहराकुदर पंचायत में चल रहे अवैध कोयला कारोबार का ग्रामीण लगातार विरोध करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। इसके लिए चाहे जो परिणाम हो, ग्रामीण पीछे नहीं हटेंगे। अवैध कोयला कारोबार का हर हाल में विरोध किया जाएगा।
