
कतरास: संकट मोचन इंटरनेशनल सेवा फाउंडेशन की ओर से गौ रक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय अभियान चलाया जा रहा है। संस्था के सदस्यों ने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क पर घूम रही गायों को रेडियम बेल्ट पहनाने का कार्य शुरू किया है, ताकि रात के अंधेरे में वाहन चालकों को गायें आसानी से दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
संस्था के कार्यकर्ताओं ने बताया कि आए दिन सड़क हादसों में कई बेजुबान गौवंश घायल हो जाते हैं। इसी समस्या को देखते हुए फाउंडेशन ने यह विशेष पहल शुरू की है। रेडियम बेल्ट की चमक दूर से ही दिखाई देती है, जिससे वाहन चालक सतर्क हो जाते हैं और दुर्घटना की संभावना काफी कम हो जाती है।
इस अभियान के दौरान संस्था के सदस्यों ने लोगों से भी आगे आने और गौ सेवा में सहयोग करने की अपील की। फाउंडेशन का कहना है कि यदि समाज के लोग मिलकर सहयोग करें, तो हजारों गौवंश की जान बचाई जा सकती है। संस्था द्वारा लगातार गौ सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं। अब इस नई पहल की हर तरफ सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने भी संस्था के इस प्रयास को मानवता और सेवा का बेहतरीन उदाहरण बताया।
संकट मोचन इंटरनेशनल सेवा फाउंडेशन ने समाज के लोगों से अपील की है कि वे इस पुण्य कार्य में आगे आकर सहयोग और दान दें, ताकि अधिक से अधिक गायों को सुरक्षित किया जा सके और सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इस नेक कार्य मे संस्थापक लक्ष्मण कुमार सदस्य अर्जुन कुमार, रोशन कुमार, नीतीश कुमार, राहुल कुमार, नीरज कुमार आदि की भूमिका सराहनीय रही।
