
शिलान्यास कब हुआ मुझे नहीं पता, ठेकेदार मनमाने तरीके से नाली बनवा रहा है- डॉ मधुमाला
कतरास: वार्ड संख्या एक के टंडा बस्ती मिश्रा टोला में नगर निगम की फंड से हो रहे नाली निर्माण में घोर लापरवाही और अनियमितता का गंभीर आरोप लगा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि बिना शिलान्यास किये एवं बिना शिलापट्ट लगाए ही लाखों करोड़ों की लागत से ढक्कन बंद नाली का निर्माण किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या एक के कतरास तोपचांची रोड में बाबा क्लीनिक से ऊपर मोड तक नाली निर्माण का कार्य किया जा रहा है। लेकिन इस निर्माण कार्य में घटिया किस्म का बालू, ईंट, और पतला छड़ का इस्तेमाल किया जा रहा है। जिससे नाली समय से पहले ही खराब हो जाएगी।
इंटक धनबाद जिला उपाध्यक्ष ने ट्वीट कर नाली निर्माण कार्य की शिकायत की
इंटक धनबाद जिला उपाध्यक्ष संजीत नोनिया ने ट्वीट कर मिश्रा टोला में हो रहे नाली निर्माण कार्य की शिकायत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, धनबाद उपायुक्त एवं अन्य अधिकारियों से की है। उन्होंने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने एवं सरकारी मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच और दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई करने की मांग की है।

नाली निर्माण कार्य में गुणवत्ता की जांच करने की मांग बोर्ड की बैठक में उठाई हूं- डॉ मधुमाला
वार्ड एक की पार्षद डॉ मधुमाला ने बताया कि नाली निर्माण का टेंडर नगर निकाय चुनाव के पूर्व ही हो चुका है। शिलान्यास कब हुआ इसकी जानकारी मुझे नहीं है और निर्माण से पूर्व शिलापट्ट क्यों नहीं लगाया गया यह समझ से परे है। नाली निर्माण कार्य में घटिया सामाग्री का इस्तेमाल करने का शिकायत मिला है। ठेकेदार अपनी मर्जी से मनमाने ढंग से कार्य कर रहा है। निर्माण कार्य के गुणवत्ता की जांच करने का मांग बोर्ड में उठाई हूं। वार्ड एक में जो भी निर्माण कार्य और विकास कार्य होगा उसमें गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
