
कतरास: दुर्गा कॉलोनी कोलडंप कतरास में पानी सप्लाई को लेकर सैकड़ो महिलाओं ने कॉलोनी के मुख्य द्वार के समीप हंगामा किया। दुर्गा कॉलोनी की महिलाओं ने बताया कि पिछले 20-25 दिनों से ठीक से जमुनिया पानी का सप्लाई नहीं किया जा रहा है। जिससे पीने के पानी सहित अन्य कामों में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। महिलाओं ने बताया कि इससे पहले एक दिन छोड़कर एक दिन पानी सप्लाई किया जाता था जिससे किसी तरह काम चल जाता था। लेकिन जैसे ही गर्मी बढ़ी वैसे ही पानी का सप्लाई पूरी तरह से बंद कर दिया। अब इतना भीषण गर्मी में बिना पानी के कैसे रह सकेंगे।
ऑपरेटर शूकर सिंह ने कहा पानी चालू किया तो गोली मार देंगे- ग्रामीण महिलाएं
महिलाओं ने बताया कि शुकर सिंह नामक ऑपरेटर पानी सप्लाई करने का काम करता है। लेकिन पानी सप्लाई करने में वह हमेशा मनमानी करता है। पानी सप्लाई ठीक से नहीं करने के मामले में जब भी उससे पूछने की कोशिश की जाती है तो वह अक्सर डराने और धमकाने का काम करता है। महिलाओं ने बताया कि पिछले 20-25 दिनों से पानी सप्लाई नहीं होने के कारण हम लोगों को काफी दिक्कत परेशानी होने लगा। बताया कि शुक्रवार को हमलोगों ने भेल खोलने की कोशिश की ताकि सबको पानी मिल सके। जैसे ही इसकी जानकारी ऑपरेटर शूकर सिंह को मिला वो तुरंत आकर भेल बंद कर दिया और कहा कि दुर्गा कॉलोनी में पानी सप्लाई नहीं करेंगे जिसको भी शिकायत करना है कर दो। एसपी डीएसपी को बोलना है बोल दो पानी सप्लाई नहीं करेंगे। अगर कोई अपने से पानी चालू करने का कोशिश करेगा तो उसको गोली मार देंगे। हमलोगों पर केस करने का धमकी भी दिया। बाद में बाघमारा विधायक के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
कुछ लोग रात में भेल खोलकर अवैध रूप से करते हैं पानी की चोरी-शूकर सिंह
गोली मारने, धमकाने एवं पानी नहीं देने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए ऑपरेटर शूकर सिंह ने कहा कि दुर्गा कॉलोनी के कुछ लोग अवैध तरीके से रात में बेल खोलकर पानी चोरी करते हैं और पूरा टंकी खाली कर देते हैं ऐसे में जब टंकी में पानी नहीं रहेगा तो सप्लाई कैसे हो सकेगा। शुकर सिंह ने कहा कि दुर्गा कॉलोनी वासियों को एक दिन छोड़कर एक दिन 20 मिनट पानी दिया जाता है। लोग रात में भेल खोलकर पानी चोरी करना बंद करें तो आगे भी ऐसे ही पानी दिया जाएगा।
