
कतरास: विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय द्वारा प्रस्तावित क्लस्टर सिस्टम को लेकर कतरास कॉलेज के छात्रों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। एनएसयूआई के कतरास महाविद्यालय अध्यक्ष शाहबाज खान ने कहा कि क्लस्टर सिस्टम लागू होने से स्थानीय छात्र-छात्राओं को अपने विषय की पढ़ाई के लिए 50 से 60 किलोमीटर दूर दूसरे कॉलेजों में जाना पड़ सकता है। जिससे छात्रों को आर्थिक, शारीरिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कतरास कॉलेज के प्राचार्य मांग करते हुए कहा कि क्लस्टर सिस्टम लागू नहीं होने दिया जाए ।

वही इस मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रादेशिक सहसंयोजक शुभम हजारी ने कहा कि क्लस्टर सिस्टम लागू होने से छात्रों की नियमित पढ़ाई बाधित होगी। आने-जाने में अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। विशेष कर आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों में इसका असर पढ़ना तय है। शुभम हजारी ने क्लस्टर सिस्टम के विरोध में 20 मई को छात्र-छात्राओं द्वारा विशाल विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया है।
