
कतरास: राम कनाली ओपी क्षेत्र में कोयला तस्करों का हौसला सातवें आसमान पर है। कोयला तस्करों को ना तो पुलिस का भय है न हीं पब्लिक का। भय हो भी क्यों जब जनता का रक्षक तस्करों और माफियाओं को संरक्षण देने लगे। बाघमारा पुलिस अनुमंडल अंतर्गत रामकनाली ओपी क्षेत्र के केशलपुर में बड़े पैमाने पर चल रहे अवैध कोयला खनन के खिलाफ झिंझिपहाड़ी पंचायत की मुखिया प्रेमलता कुमारी बुधवार को जब सैकड़ो ग्रामीणों के साथ 3 सीम में चल रहे अवैध खनन को बंद कराने पहुंची तो कोयला तस्करों ने बम फोड़कर ग्रामीणों को डराने और भगाने का कोशिश किया। लेकिन कोयला तस्करों के द्वारा बम का धमाका करने के बावजूद न तो मुखिया प्रेमलता कुमारी के हौसला डगमगाए और न ही ग्रामीणों के। इसके उलट मुखिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कोयला तस्करों को खदेड़ दिया। वहीं केशलपुर बिजली घर के सामने 2 सीम में चल रहे अवैध माइंस के पास कथित कोयला तस्कर अशोक यादव एवं अन्य के साथ मुखिया प्रतिनिधि गणेश महतो एवं ग्रामीणों की तीखी नोंकझोंक हो गई। कोयला तस्करों का कहना था कि अवैध खनन का विरोध क्यों कर रहे हो। सबकुछ सिस्टम से चल रहा है। विरोध करने से कुछ नहीं होगा। तस्करों ने मुखिया प्रतिनिधि को धमकाते हुए कहा कि विरोध करोगे तो अच्छा नहीं होगा। इससे ग्रामीण भड़क गए। बता दे कि केशलपुर में चल रहे आधा दर्जन से अधिक अवैध मुहानों के बाहर हजारों बोरी कोयला का भंडारण किया हुआ था।
रामकनाली पुलिस को सूचना देने के बावजूद नहीं पहुंची पुलिस, लोगों में भड़का आक्रोश
कोयला तस्करों के इस व्यवहार से मुखिया प्रेमलता कुमारी पूरी तरह भड़क गई और उन्होंने मौके से ही रामकनाली ओपी प्रभारी को फोन लगाकर मामले की जानकारी दी। मुखिया ने बताया कि रामकनाली पुलिस को मामले की जानकारी देने के बावजूद भी पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। वहीं उन्होंने बताया कि एक दिन पहले रामकनाली पुलिस को अवैध खनन बंद करने को लेकर जब कहा तो रामकनाली पुलिस ने कहा कि क्या पुलिस का काम अब केवल अवैध खनन बंद कराना ही रह गया है। हालांकि इस संबंध में रामकनाली पुलिस का पक्ष नहीं मिल सका है।
अवैध खनन की शिकायत करने पहुंचे ग्रामीणों ने रामकनाली पुलिस पर लगाया अभद्रता करने का आरोप
अवैध खनन बंद कराने की मांग को लेकर जब स्थानीय मुखिया प्रेमलता कुमारी, मुखिया प्रतिनिधि गणेश महतो, जमुआटांड़ पंचायत के मुखिया निरंजन गोप, भाजपा नेत्री कंचन चौरसिया सहित सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण दोपहरी में भीषण गर्मी में रामकनाली ओपी पहुंचे तो सिविल यूनिफार्म में मौजूद पुलिसकर्मियों ने अंगुली दिखाते हुए सभी महिला, पुरुष ग्रामीणों को कड़े शब्दों में फटकार लगाते हुए थाने से बाहर जाने को कहा। इससे ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों पर बदसलूकी और अभद्रता का आरोप लगाते हुए थाने परिसर में ही गुंडागर्दी नहीं चलेगी और हाय-हाय के नारे लगाने शुरू कर दिए।


रामकनाली पुलिस को लिखित शिकायत देकर अवैध खनन बंद कराने का मांग किया हुए – मुखिया प्रतिनिधि
मामले को लेकर जिनजीवनी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गणेश महतो ने बताया कि केशलपुर में चल रहे अवैध खनन से हजारों लोगों की जान खतरे में है। अवैध खनन से बस्ती के नीचे की जमीन खोखली होती जा रही है। कभी भी जमीनदोज की घटना घट सकती है जिससे बड़े पैमाने में जान माल की छाती पहुंचना तय है। उन्होंने बताया कि विरोध करने पर कोयला तस्करों के द्वारा बम फोड़ कर ग्रामीणों में दादर और दहशत फैलाने की कोशिश की गई। अवैध खनन बंद करने की मांग को लेकर लिखित शिकायत रामकनाली पुलिस से की गई है। मामले में रामकनाली ओपी प्रभारी का पक्ष नहीं मिल सका।
