
कतरास : धनबाद नगर निगम वार्ड नंबर -1 की पार्षद डॉ मधुमाला के सतत प्रयास से अब कतरास वासियों को जल की समस्या से बहुत हद तक छुटकारा मिलने की संभावना है। शुक्रवार को वार्ड नंबर एक में धनबाद नगर निगम द्वारा श्रीराम एंटरप्राइजेज की पाइप जोड़ने वाली मशीन को भेजा गया। पार्षद डॉ मधुमाला ने मशीन का पूजन कर एवं नारियल फोड़ कर विधिवत उद्घाटन किया गया।
बताया गया कि हर घर को नल जल योजना के तहत इस मशीन के द्वारा प्रत्येक मोहल्ले के क्षतिग्रस्त पाईप लाइन को दुरुस्त करने एवं जिस मोहल्ले में पाइपलाइन नहीं पहुंचा है, वहां नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। इस पाइप लाइन के माध्यम से जमुनिया जलापूर्ति योजना का लाभ मिलेगा।

पार्षद ने अपने संबोधन में कहा कि चुनाव पूर्व उन्होंने पाइप लाइन के माध्यम से कतरास के प्रत्येक घर में जल पहुंचाने का जो संकल्प लिया था उसे हर संभव पूरा करने का प्रयास कर रही है। जल्द ही वार्ड एक के प्रत्येक घर में जल पहुंचने लगेगा। इस उद्घाटन कार्यक्रम में नगर निगम एवं श्री राम इंटरप्राइजेज के अधिकारियों, कर्मियों के साथ-साथ कतरास के शैलेंद्र सिन्हा, राहुल कनौजिया, विवेक मोदक, सिकंदर चक्रवर्ती, समीर चक्रवर्ती, मनोज दत्ता सहित दर्जनों सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
