
कतरास: क्षेत्र में लगातार हो रहे भू-धसान, गैस रिसाव और अवैध खनन की घटनाओं को लेकर शुक्रवार को भीम आर्मी भारत एकता मिशन धनबाद ने सोनारडीह निमतल्ला मोड़ से कतरास थाना चौक तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला। मार्च का नेतृत्व संगठन के पदाधिकारियों ने किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय रतन सिंह, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष संजय रविराज तथा धनबाद जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार ने हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि धनबाद कोयलांचल क्षेत्र में अवैध खनन के कारण लगातार भू-धसान, गैस रिसाव और अन्य गंभीर घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम जनता का जीवन संकट में पड़ गया है। कई परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। इन घटनाओं से लोगों की जान-माल की क्षति हो रही है तथा स्थानीय निवासियों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भीम आर्मी ने प्रशासन से अविलंब कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने, भू-धसान एवं गैस रिसाव की उच्च स्तरीय जांच कराने, दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करने तथा प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। इसके अलावा विस्थापित परिवारों के लिए सम्मानजनक पुनर्वास, मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था और क्षेत्र की सुरक्षा के लिए स्थायी एवं प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की गई। संगठन ने अवैध खनन में शामिल लोगों की संपत्ति जब्त कर सरकारी खजाने में जमा कराने की भी मांग प्रशासन से की है।
