
कतरास : धनबाद जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत सिनीडीह लफड़ा मोड़ के समीप शुक्रवार को तीन मकानों में अचानक दरार पड़ने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। उक्त क्षेत्र गोविंदपुर एरिया 3 के अंतर्गत आता है। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह लोगों ने मकानों से चरचराहट की आवाज सुनी, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे। देखते ही देखते तीन मकानों की दीवारों एवं फर्श में दरारें दिखाई देने लगीं। घटना की सूचना फैलते ही क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। हाल ही में टंडा बाड़ी में हुए भू धंसान की घटना याद आने से लोगों के मन मे और भी भय व्याप्त हो गया।

जानकारी के अनुसार मजनू भुइयां और सूरज भुइयां के घर के दीवारों में अचानक दरारे उभराई जो समय के साथ बढ़ती जा रही है। वहीं कोयला परिवहन के लिए बनाए गए सड़क पर भी कई जगह दरार पड़ गई है। घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित परिवारों ने अपने घरों से सामान बाहर निकाल लिया है। सूचना मिलते ही भाजपा नेता गौरचन्द बाउरी, मधुबन पुलिस तथा सीआईएसएफ अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा की जा रही भारी ब्लास्टिंग के कारण जमीन में कंपन होता है जिससे घरों और सड़क में दरारें पड़ रही है। इसके अलावा इसी रास्ते से कोयला और ओबी ट्रांसपोर्टिंग का कार्य भी किया जाता है। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित परिवारों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा है। सड़क पर दरारें पढ़ने के कारण कोयला परिवहन कार्य भी फिलहाल ठप्प हो गया है।
